कुंदन कुमार, पटना। देशभर में गणेश उत्सव की धूम देखने को मिल रही है। राजधानी पटना समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी बड़े ही धूम-धाम के साथ गणेश उत्सव का त्योहार मनाया जा रहा है। पटना में दरोगा प्रसाद राय पथ स्थित महाराष्ट्र मंडल में गणेश जी की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ ही लालबाग के राजा का दरबार सज गया है। इस वर्ष 14 से 20 सितंबर तक गणेश उत्सव का आयोजन किया गया है। भारी संख्या में श्रद्धालु गणेश जी का दर्शन और पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंच रहे हैं।
गणेश जी की प्रतिमा में जड़ा हीरे का मुकुट
बता दें कि महाराष्ट्र मंडल में बीते कई सालों से गणेश उत्सव मनाया जा रहा है। इस बार गणेश जी की प्रतिमा में हीरे जड़ित मुकुट विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गणपति बप्पा को करीब 55 लाख रुपये के हीरा-पन्ना जड़ित मुकुट से सजाया गया है। खास बात यह है कि इस मुकुट को मुंबई के ज्वेलरी बाजार के कारीगरों ने तैयार किया है। जानकारी के अनुसार, करीब 350 ग्राम सोने से बने इस मुकुट में छह कैरेट का बड़ा हीरा जड़ा हुआ है। इसके अलावा मुकुट के आसपास माणिक, पन्ना और छोटे-छोटे हीरों का इस्तेमाल किया गया है।
शाम को दर्शन करने पहुंचेंगे सीएम सम्राट
आज रविवार की सुबह बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन आरती में शामिल हुए पूजा अर्चना की। इस मौके पर बिहार के राज्यपाल ने कहा कि आज शुभ दिन है। पूरे देश में गणेश भगवान की पूजा की जा रही है। वहीं, शाम के समय में सीएम सम्राट चौधरी महाराष्ट्र मंडल पहुंचकर भगवान गणेश का दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे।
ये भी पढ़ें- क्या सम्राट चौधरी को फालतू समझते हैं PM? तेजस्वी ने उठाया सवाल, बोले- बिहारियों के लिए शर्म की बात



