मनेर। राजधानी पटना के मनेर स्थित छिहत्तर गांव में रविवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई। इस हिंसक झड़प में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से दो को गोली लगी है। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ग्रामीणों के अनुसार मौके पर 10 राउंड से अधिक गोलियां चलीं।

​विवाद की जड़: छेड़खानी का पुराना मामला और वर्चस्व की लड़ाई

​मिली जानकारी के अनुसार इस विवाद की जड़ करीब एक महीना पहले लड़की से छेड़खानी को लेकर हुई एक घटना में है। उस समय पीड़ित पक्ष ने मनेर थाने में मामला दर्ज कराया था जिसके बाद आरोपी पक्ष ने दानापुर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। पुलिस ने उस वक्त दोनों पक्षों से बॉन्ड भरवाकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया था।
​रविवार को इसी पुराने विवाद की पृष्ठभूमि में चितरंजन राय और राजू राय के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के 12 से अधिक लोग आमने-सामने आ गए। हालांकि, ये दोनों मुख्य पक्ष छेड़खानी मामले से सीधे तौर पर नहीं जुड़े थे, लेकिन इलाके में ‘दबंगई’ साबित करने और स्थानीय पंचायत राजनीति में अपना वर्चस्व कायम रखने के चक्कर में यह खूनी संघर्ष हुआ।

​11 लोग हिरासत में, मुखिया भी शामिल

​गोलीबारी की सूचना मिलते ही मनेर पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी एसपी (वेस्ट) संकेत कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक 11 लोगों को हिरासत में लिया है जिसमें छिहत्तर गांव के वर्तमान मुखिया शैलेश कुमार भी शामिल हैं। फिलहाल गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस कैंप कर रही है।

​घायलों की स्थिति

​इस घटना में घायल हुए लोगों की पहचान रुदल राय (22), संदीप कुमार (16), रणजीत राय (42), हरेंद्र राय (42), राजकुमार राय (32) और धर्मेंद्र राय (45) के रूप में हुई है। मनेर पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। इनमें संदीप कुमार और रुदल राय को गोली लगी है। थाना प्रभारी रजनीश ने बताया कि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।