पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के कैलू बीघा इलाके में 45 वर्षीय शिक्षिका लक्ष्मी देवी की उनके ही घर में निर्मम हत्या कर दी गई। बुधवार को उनका खून से लथपथ शव उनके बेडरूम के बेड पर मिला। मृतका पोठही मध्य विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं और इस मकान में अकेले ही रहती थीं। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने तुरंत एसआईटी (SIT) का गठन कर दिया है।
करीबी पर हत्या का गहरा शक
घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का मानना है कि हत्यारा कोई ऐसा व्यक्ति है जो मृतिका का बेहद करीबी या परिचित था। जांच के दौरान घर के भीतर टेबल पर जूठी प्लेट में दो चम्मच, किचन में चाय के दो इस्तेमाल किए गए कप और एक कढ़ाई में पनीर के दो टुकड़े बरामद हुए हैं। इसके अलावा, टेबल पर रखी तीन पानी की बोतलों में से दो खाली और एक भरी हुई मिली। इन सबूतों से साफ जाहिर होता है कि घटना से पहले मृतका के साथ किसी ने बैठकर खाना खाया था या चाय पी थी।
पति और बेटे की बातचीत से हुआ खुलासा
मृतका के पति ज्ञानचंद चौधरी गया के टेकारी में ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता के पद पर तैनात हैं, जबकि उनका बेटा अपनी नानी के घर रहता था। पति के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9:45 बजे उनकी अपनी पत्नी से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। अगली सुबह करीब 10:30 बजे जब उन्होंने दोबारा कॉल किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने स्कूल के एक अन्य शिक्षक से संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि लक्ष्मी देवी विद्यालय नहीं आई हैं। पति के निर्देश पर जब बेटा घर पहुंचा और अंदर झांका, तो उसने मां को मृत अवस्था में देखा।
दरवाजे की स्थिति और खुलासे के बिंदु
मसौढ़ी एसडीपीओ राघव दयाल के अनुसार, घर में प्रवेश के लिए कुल चार दरवाजे हैं एक मुख्य गेट, दूसरा गली की तरफ, तीसरा गैराज की ओर और चौथा गैराज से आगे खुलता है। जांच के दौरान इनमें से तीन दरवाजे अंदर से पूरी तरह लॉक पाए गए। पुलिस का अनुमान है कि हत्या के बाद आरोपी चौथे और खुले हुए दरवाजे से ही फरार हुआ होगा। इसके अलावा, मंगलवार शाम को मृतका की अपनी बेटी से भी बात हुई थी, जब बेटी ने घर आने की इच्छा जताई थी तो मृतिका ने उसे आने से मना कर दिया था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और शुरुआती जांच में मामला धारदार हथियार से गला रेतकर या वार कर हत्या करने का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का और अधिक खुलासा हो सकेगा।



