पटना। शहर के बाइपास थाना क्षेत्र से 13 साल की मासूम छात्रा मुस्कान कुमारी पिछले दो दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। देवाराम गांव की रहने वाली मुस्कान 5वीं कक्षा में पढ़ती है। परिजनों की शिकायत पर बाइपास थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मां की डांट के बाद घर से निकली थी मुस्कान
घटना 14 मई की सुबह करीब 10:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर मुस्कान की मां ने उसे एक थप्पड़ मार दिया था। मां की इस डांट से नाराज होकर वह घर से बाहर निकल गई। परिजनों के अनुसार, वह अपनी पुरानी चप्पल ठीक कराने के बहाने पास की ही एक दुकान पर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
सीसीटीवी फुटेज में खुला बड़ा राज, अज्ञात महिला पर शक
जब काफी देर तक मुस्कान घर नहीं आई, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में ढूंढने के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला, तो स्थानीय सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। फुटेज में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ, मुस्कान एक अज्ञात संदिग्ध महिला के साथ जाती हुई दिखाई दी। परिजनों को अंदेशा है कि इसी महिला ने मासूम को बहला-फुसलाकर अगवा किया है।
पटना साहिब स्टेशन मिली आखिरी लोकेशन
जांच के दौरान मुस्कान की आखिरी लोकेशन 14 मई की दोपहर 12 बजे पटना साहिब स्टेशन के पास मिली है। इसके बाद से उसका कोई सुराग या सीसीटीवी फुटेज सामने नहीं आया है। पुलिस को अंदेशा है कि संदिग्ध महिला मुस्कान को ट्रेन के जरिए कहीं दूर ले गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया है और संदिग्ध महिला की पहचान की कोशिशें तेज कर दी हैं।
इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में मायूसी और कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने जनता से भी भावुक अपील की है कि यदि किसी को भी मुस्कान या उस संदिग्ध महिला के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

