पटना। जिले के बिहटा (आईआईटी अम्हारा थाना क्षेत्र) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्यार और सामाजिक दबाव के बीच फंसी एक नाबालिग लड़की ने मौत को गले लगा लिया। प्रेमी के साथ घर छोड़कर भागने वाली छात्रा ने परिवार और पुलिस के डर से जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

​शादी के लिए घर से भागी थी नाबालिग

​घटना की शुरुआत दो दिन पहले हुई जब नाबालिग लड़की अपने 31 वर्षीय प्रेमी महेश कुमार के साथ शादी करने की नीयत से घर से फरार हो गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग जाति के थे, जिसके कारण लड़की के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। बेटी के लापता होने के बाद पिता ने आईआईटी थाने में महेश और उसके परिवार के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।

​लोकेशन ट्रेस होने पर डर गई थी छात्रा

​पुलिस जब तक इस मामले में कोई बड़ी कार्रवाई करती, उससे पहले ही लड़की के परिजनों ने खुद ही प्रेमी जोड़े का लोकेशन पता कर लिया। परिजनों ने उन पर वापस लौटने और गंभीर परिणाम भुगतने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी सामाजिक बदनामी और कानूनी कार्रवाई के डर से घबराकर नाबालिग ने नौबतपुर इलाके में जहर खा लिया। आनन-फानन में उसे पटना एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

​परिजनों का आरोप- ‘यह आत्महत्या नहीं, हत्या है’

​लड़की की मौत के बाद परिजनों ने महेश और उसके परिवार पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी को जहर खाने के लिए उकसाया गया या उसे जबरन जहर दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

​पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

​आईआईटी अम्हारा थाना प्रभारी रोशन कुमार राज ने बताया कि अपहरण के मामले में पहले से ही प्राथमिकी दर्ज थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी महेश कुमार (निवासी विक्रम थाना क्षेत्र) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या लड़की ने दबाव में आकर यह कदम उठाया या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश थी। फिलहाल, पूरे गांव में इस घटना के बाद तनाव और मातम का माहौल है।