कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित न्यू करबिगहिया से अपहरण हुए बंटी कुमार का शव अथमलगोला से बरामद हुआ है। सड़क किनारे एक गढ्ढे से बंटी कुमार का शव मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी। गौरतलब है कि बीते सोमवार की रात बंटी कुमार का अपहरण कर लिया गया था, जिसके बाद से उसके परिजन लगातार उसके हत्या की आशंका जता रहे थे।
पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
बंटी कुमार की मौत कैसे हुई? यह तो जांच का विषय है। लेकिन इस मामले में पुलिस की भी लापरवाही सामने आ रही है। बता दें कि बंटी कुमार के अपहरण होने के बाद से लगातार परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज करा रहे थे। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि समय रहते पुलिस ने उचित एक्शन क्यों नहीं लिया?

बीते बुधवार (8 जुलाई) को जन सुराज से बांकीपुर उपचुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर भी न्यू करबिगहिया पहुंचे थे, जहां उन्होंने परिजनों को यह आश्वासन दिया था कि पुलिस से उनकी बात हुई है। यदि दो दिनों के अदंर युवक की सुरक्षित बरामदगी नहीं होती है, तो वह स्वयं स्थानीय लोगों के साथ इस आंदोलन में शामिल होंगे। हालांकि, पीके के कहे मुताबिक वह परिजन के साथ धरना देने तो नहीं पहुंचे, लेकिन अब लापता बंटी कुमार की लाश मिली है।
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई थी पूरी घटना
बता दें कि बंटी कुमार के अपहरण होने का खुलासा तब हुआ जब पटना जंक्शन स्थित दूध मार्केट के पास एक दुकान का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बीते सोम-मंगलवार की देर रात करीब 1 बजे 7 से 8 लोग बंटी के साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे जबरन अपने साथ ले जा रहे हैं।
अवैध सेक्स रैकेट का विरोध कर रहा था युवक
परिजनों के अनुसार, बंटी सोमवार रात करीब 11:30 बजे अपने रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए पटना जंक्शन गया था। काफी देर तक न लौटने पर जब परिजनों ने फोन किया, तो उसने ट्रेन लेट होने की बात कहकर कॉल काट दिया। इसके बाद अहले सुबह से उसका फोन नहीं लगा, जिसके बाद परिजनों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि बंटी स्टेशन के आसपास चल रहे कथित अवैध सेक्स रैकेट और गलत गतिविधियों का लंबे समय से विरोध कर रहा था।
ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: पूरे बिहार में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी, सतर्क रहने की सलाह

