पटना। बिहार की राजधानी पटना के दानापुर अंतर्गत मनेर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू हत्याकांड और पिंटू कुमार पर फायरिंग मामले में पुलिस और एसटीएफ को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी प्रिंस कुमार को सारण जिले के सोनपुर से धर दबोचा गया है।

​महाअष्टमी की रात हुई थी वारदात

​यह पूरी घटना नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान महाअष्टमी की रात की है। मनेर के ब्यापुर गांव स्थित मस्जिद गली में बाइक पर सवार होकर आए चार बेखौफ अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू और प्रखंड प्रमुख रिंकी देवी के पति पिंटू कुमार उर्फ पिंटू पॉयजन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। इस जानलेवा हमले में गोलियां लगने से पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

​घायल के बयान पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी

​वारदात के बाद घायल पिंटू कुमार के फर्द बयान के आधार पर स्थानीय मनेर थाने में कांड संख्या 1042/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस और एसटीएफ की तकनीकी जांच के दौरान इस वारदात में प्रिंस कुमार (निवासी ब्यापुर, पिता अजय राय) की संलिप्तता सामने आई थी।
​पुलिस इस मामले में पहले ही मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे राजेश रंजन उर्फ राजेश मुखिया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। अब प्रिंस की गिरफ्तारी से इस हत्याकांड की कड़ियां तेजी से जुड़ रही हैं।

​अपराधी का पुराना आपराधिक इतिहास

​बिहार एसटीएफ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार किए गए प्रिंस कुमार के खिलाफ मनेर थाने में हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर धाराओं के तहत कुल दो मामले पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।