कुंदन कुमार, पटना। पटना पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से करीब 274 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में कार सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आईपीएस अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दीघा 2 सुश्री सुषमा सागर ने जानकारी दी ।

दरअसल, 13 सितंबर की रात करीब 11 बजे जेपी सेतु टीओपी के पास पुलिस की ओर से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान UP57CE5425 नंबर की एक कार को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस के मुताबिक, चालक ने कार लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन जांच दल ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया।

कार की तलाशी लेने पर करीब 274 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ, चार स्मार्टफोन और कार बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय निषाद, बंटी पांडेय, मुन्ना साह और रवि तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में बंटी पांडेय और मुन्ना साह के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ, मोबाइल फोन और कार को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें- कैमूर में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, जिंदा कारतूस के साथ भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद