पटना। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर राजधानी पटना के दानापुर और रूपसपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस ने एक विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस अचानक हुई कार्रवाई से होटल संचालकों के बीच हड़कंप मच गया। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के मार्गदर्शन में एसडीपीओ-1 अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने बुधवार को लगभग आधा दर्जन होटलों को खंगाला।
आधा दर्जन होटलों में एक साथ दबिश
पुलिस टीम ने दानापुर और रूपसपुर इलाके के प्रमुख होटलों को टारगेट किया। दानापुर स्थित एडिसन होटल, आई-कॉन होटल और ड्रीम विला जैसे प्रमुख होटलों में पुलिस पहुंची और वहां मौजूद लोगों के दस्तावेजों व गतिविधियों की जांच की। वहीं, रूपसपुर थाना अंतर्गत बुद्धा रेसीडेंसी में भी पुलिस ने गहन तलाशी ली। छापेमारी की भनक लगते ही कई अन्य होटल संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से गायब हो गए।
पूछताछ के लिए थाने लाए गए संदिग्ध
इस अभियान के दौरान पुलिस ने दानापुर से सात युवकों को हिरासत में लिया और दो युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पूछताछ के दौरान सामने आया कि पकड़े गए युवकों में से एक युवक मुंबई से अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। वहीं, एक युवती ने पुलिस को बताया कि वह केवल समय बिताने के उद्देश्य से होटल आई थी।
रूपसपुर के बुद्धा रेसीडेंसी से पुलिस ने तीन महिलाओं और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, हिरासत में ली गई तीनों युवतियां दूसरे राज्यों छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं, जबकि पकड़ा गया व्यक्ति आरा का निवासी है। सभी को थाने लाकर गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का पक्ष
एसडीपीओ अजीत कुमार ने इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि यह रूटीन चेकअप नहीं, बल्कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर चलाया गया विशेष अभियान था। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी लोग बालिग हैं। फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन होटलों का उपयोग किसी अनैतिक गतिविधि के लिए तो नहीं किया जा रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों और नियम विरुद्ध होटल चलाने वालों में हड़कंप है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसी छापेमारी जारी रहेगी ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे और होटलों का दुरुपयोग न हो।

