कुंदन कुमार, पटना। खान सर की कोचिंग (खान ग्लोबल स्टडीज) पर हुए तोड़फोड़-पथराव और फायरिंग मामले में खान सर की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। दरअसल पटना पुलिस ने मामले में खान सर के नाम (फैसल खान) पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने खान सर के खिलाफ दर्ज एफआईआर में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास का धारा लगाई है। एफआईआर दर्ज करने के बाद पटना पुलिस कभी भी खान सर को गिरफ्तार कर सकती है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर फरार बताए जा रहे हैं। पटना पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

ज्ञान बिंदु कोचिंग में लगे ‘खान सर चोर हैं’ के नारे

उधर दूसरी ओर ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई की मांग तेज हो गई है। ज्ञान बिंदु कोचिंग में छात्रों ने आज भी ‘रौशन सर को रिहा करो’, ‘जेल का ताला टूटेगा रौशन सर छूटेगा’के नारे लगाए। इस दौरान ज्ञान बिंदु के छात्रों ने ‘खान सर चोर हैं….चोर हैं’ के नारे भी लगाए। बता दें कि रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर कल गुरुवार को भी कोचिंग के छात्रों ने मुसल्लहपुर हाट में आक्रोश मार्च निकाला था।

जानें क्या है पूरा मामला?

गौरतलब है कि बीते 2 जून की रात खान सर की कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़ की घटना हुई थी, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया। उसके अगले दिन पुलिस ने तोड़फोड़ के दौरान हुई फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस ने खान सर के दो सुरक्षा गार्ड को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान सुरक्षा गार्डों ने बताया कि खान सर के कहने पर ही उन्होंने फायरिंग की थी, जिसके बाद पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ लिखित एफआईआर दर्ज की है और अब उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

ये भी पढ़ें- Bihar MLC Elections: उम्मीदवारी को लेकर आमने-सामने राबड़ी और तेजस्वी, 1 सीट के लिए इन दो नामों पर चर्चा