Bihar MLC Elections: बिहार में 18 जून को 10 सीटों पर होने वाले MLC चुनाव के लिए (1 जून, सोमवार) से नामांकन की प्रक्रिया शुरू है। बावजूद इसके अभी तक न तो महागठबंधन और ना ही एनडीए की तरफ से उम्मीदवारों या फिर सीट बंटवारे को लेकर कोई ऐलान हो पाया है। विधानसभा में सीटों की संख्या के आधार पर महागठबंधन एक सीट पर दावा पेश करती हुई नजर आ रही है। हालांकि इस एक सीट के लिए पार्टी के अंदर ही दो अलग-अलग नामों को लेकर गुट बनते हुए नजर आ रहे हैं।
तेजस्वी और राबड़ी देवी का राय अलग-अलग
गौरतलब है कि राजद से सुनील सिंह और मोहम्मद फारूक का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। सूत्रों की माने तो राबड़ी देवी फिर से सुनील सिंह को विधान परिषद भेजना चाहती हैं। हालांकि तेजस्वी सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए शिवचंद्र राम को पार्टी से उम्मीदवार बनाना चाहते हैं। पार्टी से जुड़े कई नेताओं का भी मानना है कि सुनील सिंह लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं और विधान परिषद में उनकी भूमिका काफी सक्रिय रही है। इसलिए उन्हें फिर से मौका मिलना चाहिए।
लालू यादव लेंगे अंतिम फैसला
ऐसे में एमएलसी की एक सीट के लिए पार्टी के अंदर अलग-अलग नामों (सुनील सिंह और शिवचंद्र राम) को लेकर दो गुट बने हुए हैं। कहा यह भी जा रहा है कि पार्टी से एमएलसी चुनकर विधान परिषद कौन जाएगा। इसपर अंतिम फैसला अब राजद सुप्रीमो लालू यादव ही करेंगे। गौरतलब है कि वह अभी सिंगापुर में हैं। कल 6 जून को वह पटना लौट सकते हैं। इसके बाद ही वे एमएलसी उम्मीदवारी को लेकर अपना फैसला सुनाएंगे।
एमएलसी चुनाव में NDA का पलड़ा भारी
राजनीतिक गणित के हिसाब से विधान परिषद चुनाव में NDA का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। MLC चुनाव में एक सीट जीतने के लिए करीब 25 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है। एनडीए के पास कुल 202 धायक हैं। ऐसे में एनडीए दल 8 सीटों पर आसानी से जीत दिलाने की स्थिति में हैं। वहीं, महागठबंधन के पास संख्या बल कम होने के कारण वह फिलहाल सिर्फ एक सीट पर ही मजबूत दावेदारी पेश कर सकता है, जिसपर तेजस्वी ने अपनी नजर बनाई हुई है।
10 सीटों पर 18 जून को होगा मतदान
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने जून में खाली हो रहे बिहार MLC की 9 सीटों और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई एक रिक्त सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन सीटों पर 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन देर शाम नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। वहीं, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा। आयोग ने 20 जून तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने की समय-सीमा तय की गई है।
ये भी पढ़ें- ऋतुराज सिन्हा का TMC पर बड़ा हमला, बोले- वोट बैंक की राजनीति के खिलाफ जाग चुकी है जनता

