कुंदन कुमार, पटना। पटना पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। नौबतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 160 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 16-17 दिसंबर की देर रात वाहन चेंकिग के दौरान बिहार-सरमेरा ओवरब्रिज के पास की।
160 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध बाइक सवार भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर वाहन से प्लास्टिक में पैक 17 बंडलों में भरा कुल 160 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तादर दोनों आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय पंकज कुमार और 38 वर्षीय अभिलाष कुमार उर्फ चुन्नू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दानापुर में 16 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार
इसके अलावा पटना पुलिस ने दानापुर थाना क्षेत्र के पाटलिपुत्र इलाके में भी 16 किलो गांजा के साथ एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिलेश मिश्रा (45) उर्फ पंडित जी के रूप में हुई है। उसके पास से 16.481 किलोग्राम गांजा, चार इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक कैलकुलेटर और दो मोबाइल बरामद हुए, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई।
ये भी पढ़ें- किस बात का जल रहा दिया? तेजस्वी यादव का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- बाढ़ से लोग मर रहे हैं और…



