पटना। शहर की पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर सवा करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नशीले इंजेक्शन, प्रतिबंधित कफ सिरप और दुर्लभ स्नेक वेनम एंटी सीरम (सांप के जहर का काट) बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक गोदाम मालिक सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
स्कूटी सवार तस्कर से मिला सुराग
पटना पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि चित्रगुप्त नगर थाने को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कूटी से नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई की जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बहादुरपुर ROB के पास नाकेबंदी की और मेहंदीगंज निवासी अर्णव कुमार (32) को धर दबोचा। अर्णव पहले से ही कंकड़बाग थाने का हिस्ट्रीशीटर रहा है। पूछताछ के दौरान उसने कंकड़बाग के लोहिया पार्क स्थित एक गुप्त गोदाम का खुलासा किया।
गोदाम पर छापेमारी और भारी बरामदगी
अर्णव की निशानदेही पर जब लोहिया पार्क स्थित गोदाम में छापेमारी की गई, तो वहां का नजारा देख पुलिस दंग रह गई। पुलिस ने वहां से 67,050 नशीले इंजेक्शन, 5,760 पीस कोडीन युक्त कफ सिरप और 35 पीस स्नेक वेनम एंटी सीरम जब्त किए। इस दौरान पुलिस ने गोदाम के मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया, जिससे अब गिरोह के अन्य नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
बकरी मंडी से दूसरे गिरोह का पर्दाफाश
इसी कड़ी में पुलिस ने एक अन्य सूचना के आधार पर बकरी मंडी इलाके में दबिश दी, जहां से अगमकुआं निवासी छोटू कुमार (20) को गिरफ्तार किया गया। छोटू ने स्वीकार किया कि वह मंटू सिंह नामक व्यक्ति के स्टॉक से नशीले इंजेक्शन लेकर बाजार में बेचता था। उसकी जानकारी पर गोपालपुर थाना क्षेत्र के एक अन्य गोदाम से 35,800 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
बाजार में करोड़ों की कीमत
जब्त की गई खेप की अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में अनुमानित कीमत सवा करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी भारी मात्रा में स्नेक वेनम एंटी सीरम और प्रतिबंधित दवाइयां इन तस्करों के पास कहां से आ रही थीं और इनका मुख्य सरगना कौन है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

