पटना। शहर के कुम्हरार रेलवे ट्रैक पर 9 अक्टूबर को एक युवक और युवती के शव मिलने के मामले में रहस्य गहराता जा रहा है। मृतका की पहचान कंकड़बाग की ग्रेजुएशन की छात्रा शैली कुमारी के रूप में हुई है, जो 5 अक्टूबर से लापता थी। हालांकि, घटना के 9 दिन बीत जाने के बावजूद मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस की जांच उलझ गई है। युवक के पास से कोई मोबाइल या पहचान पत्र नहीं मिला, जो पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।

​प्रेम प्रसंग और साइबर फ्रॉड के एंगल पर जांच

​पुलिस इस मामले की जांच मुख्य रूप से प्रेम प्रसंग और हत्या के पहलुओं पर कर रही है। शैली के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालने पर पता चला कि वह लापता होने के बाद दीघा, भागलपुर और पटना गई थी। परिजनों का आरोप है कि शैली मोबाइल का अधिक उपयोग करती थी और किसी साइबर फ्रॉड के जाल में फंसी थी। उसके लापता होने के बाद दुबई से एक अज्ञात नंबर से फोन आया था, जिसमें 10 हजार रुपये की वसूली का दबाव बनाया गया था। पुलिस ने बैंक खातों की जांच की, जिसमें करीब 20 हजार रुपये के लेन-देन का पता चला है, लेकिन इसका मौत से सीधा संबंध अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

​दो सिम कार्ड और IPDR रिपोर्ट का इंतजार

​जांच में यह भी सामने आया कि शैली अपने फोन में दो सिम कार्ड इस्तेमाल करती थी, लेकिन कॉल हिस्ट्री में कोई संदिग्ध नंबर नहीं मिला। शैली की आखिरी बातचीत परिजनों से ही हुई थी। अब पुलिस को इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (IPDR) रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे व्हाट्सएप कॉलिंग और इंटरनेट गतिविधियों के राज खुल सकें। सदर-1 एसडीपीओ मनोज कुमार ने कहा कि पुलिस हर एंगल से निष्पक्ष जांच कर रही है और जल्द ही इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।