कुंदन कुमार, पटना। पुनपुन इलाके में पुलिस और प्रशासन ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अब तक का एक सबसे बड़ा अभियान चलाया है। पुनपुन नदी के किनारे बसे मेहरावा गांव में पुलिस ने औचक छापेमारी कर अवैध शराब की सैकड़ों भट्ठियों को नेस्तनाबूद कर दिया है। इस बड़ी कार्रवाई से पूरे इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

​आधा दर्जन थानों की पुलिस

​गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया था। पुनपुन समेत आसपास के लगभग आधा दर्जन थानों की पुलिस टीम को इस ऑपरेशन में शामिल किया गया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व खुद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (DSP) कर रहे थे। पुलिस बलों ने सुनियोजित तरीके से पुनपुन नदी के तटीय इलाकों को चारों तरफ से घेर लिया, जिससे शराब तस्करों को भागने का मौका आसानी से न मिल सके।

​तस्करों की तरफ से फायरिंग

​जैसे ही पुलिस बल मेहरावा गांव के पास नदी किनारे पहुंची, वहां अवैध शराब बनाने का काला कारोबार देख अधिकारी भी हैरान रह गए। नदी के किनारे बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बनाई जा रही थी। पुलिस की आहट मिलते ही कई शराब कारोबारी और तस्कर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।
​कार्रवाई के दौरान स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई जब कुछ असामाजिक तत्वों और तस्करों द्वारा पुलिस टीम पर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग किए जाने की सूचना मिली। हालांकि, पुलिस बल ने पूरी सूझबूझ और संयम का परिचय देते हुए स्थिति को संभाला और इलाके में अपनी सतर्कता को और अधिक बढ़ा दिया।

​कई संदिग्ध तस्कर हिरासत में

​छापेमारी के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई संदिग्ध शराब तस्करों को दबोच लिया है। पकड़े गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं और इसमें शामिल अन्य लोगों के नाम सामने आ सकें। नदी किनारे चल रहे इस बड़े पैमाने के अवैध धंधे को पूरी तरह से नष्ट करने के लिए पुलिस ने भट्ठियों को ध्वस्त करने के साथ-साथ भारी मात्रा में कच्चा जावा और शराब बनाने के उपकरण को भी नष्ट कर दिया है। फिलहाल, समाचार लिखे जाने तक इलाके में पुलिस का सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन लगातार जारी है।