कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर आज गुरुवार (2,अक्टूबर) को शिक्षा सेवक और तालिमी मरकज से जुड़े लोगों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सरकार से उन्हें नियमित करने और लंबे समय से बकाया मानदेय का जल्द भुगतान करने के अलावा अपनी अन्य मांगों को धरने पर बैठे हैं।
धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान अपनी ओर खींचने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है, तो वे पटना की सड़कों पर उतरकर इस आंदोलन को और तेज करेंगे।
इस दौरान लल्लूराम न्यूज डॉट कॉम से बात करते हुए एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि, अगर सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज करती है, तो वे आगे बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। युवक ने मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आत्मदाह तक की चेतावनी दी है। प्रदर्शन कर रहे शिक्षा सेवकों और तालिमी मरकज के लोगों ने सरकार से जल्द बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की अपील की है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांगें
- शिक्षा सेवकों और तालिमी मरकज कर्मियों को प्राथमिक शिक्षक का दर्जा दिया जाए।
- वेतनमान: अल्प मानदेय के बजाय पूर्ण वेतनमान लागू किया जाए।
- सेवा अवधि: सेवा की उम्र सीमा बढ़ाकर 65 साल की जाए।
- अनुकंपा लाभ: मृत कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा का लाभ और नौकरी दी जाए।
- बकाया मानदेय: महीनों से लंबित पड़े बकाए मानदेय का तुरंत भुगतान किया जाए।
ये भी पढ़ें- ‘पार्टी के संज्ञान में है मामला’, अनंत-नीरज विवाद पर संजय झा का बड़ा बयान, बताया कैसे सुलझेगा विवाद

