कुंदन कुमार, पटना। खान सर रौशन आनंद प्रकरण में पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान पटना एसएसपी ने कहा कि, अब तक अनुसंधान में जो कुछ भी सामने आया है, आप लोगों को बता दिया गया है। जब्त हथियारों को जांच करने के लिए एफएसएल में भेजा गया है। अभी अनुसंधान चल रहा है। आगे जो कुछ भी जांच में सामने आएगा आप लोगों को बता दिया जाएगा।
जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि, वीडियो में जो व्यक्ति फायरिंग करते हुए दिख रहे हैं, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है, आगे जो जांच में आएगा और सबूत मिलेंगे उसके अनुरूप कार्रवाई होगी। गिरफ्तार सुरक्षा कर्मियों द्वारा यह कहने की उन्होंने खान सर ने गोली चलवाई है। इसपर कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि, जो भी एविडेंस सामने आएगा, उसके अनुसार कार्यवाही की जाएगी।
रौशन आनंद के समर्थन में लगे पोस्टर

फिलहाल इस घटना को लेकर कुछ लोग गिरफ्तार ज्ञान बिंदु के संचालकर रौशन आनंद का पक्ष ले रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी को गलत बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोग खान सर का पक्ष ले रहे हैं। इस बीच पटना की सड़क पर आज रौशन आनंद के समर्थन में एक पोस्टर लगाया गया, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
खान सर ने रौशन आनंद को फंसाने का आरोप
इस पोस्टर को समाज सेविका अपर्णा यादव ने लगाया है और रौशन आनंद की गिरफ्तारी को गलत बताया है। पोस्टर के माध्यम में अपर्णा यादव ने इसे एक तरफा कारवाई करार देते हुए कहा है कि जान बूझकर यादव समाज के लोगों को सरकार निशाना बना रही है, जबकि यादव समाज के लोग सभी का साथ देते हैं। उन्होंने साफ-साफ कहा कि खान सर जैसे लोगों का साथ यादव समाज ने दिया है। आज गलत आरोप लगाकर उन्हें फंसाने का काम खान सर ने किया है। सरकार ने भी गलत कारवाई किया है, जो ठीक नहीं है।
खान सर के खिलाफ FIR दर्ज
खान सर की कोचिंग (खान ग्लोबल स्टडीज) पर हुए तोड़फोड़-पथराव और फायरिंग मामले में पटना पुलिस ने मामले में खान सर के नाम (फैसल खान) पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने खान सर के खिलाफ दर्ज एफआईआर में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास का धारा लगाई है। एफआईआर दर्ज करने के बाद पटना पुलिस कभी भी खान सर को गिरफ्तार कर सकती है।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर फरार बताए जा रहे हैं। पटना पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
जानें क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि बीते 2 जून की रात खान सर की कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़ की घटना हुई थी, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया। उसके अगले दिन पुलिस ने तोड़फोड़ के दौरान हुई फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस ने खान सर के दो सुरक्षा गार्ड को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान सुरक्षा गार्डों ने बताया कि खान सर के कहने पर ही उन्होंने फायरिंग की थी, जिसके बाद पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ लिखित एफआईआर दर्ज की है और अब उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
ये भी पढ़ें- विश्व पर्यावरण दिवस पर CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, 50 लाख घरों में लगेगा सोलर सिस्टम

