कुंदन कुमार/पटना। इंडियन एक्सक्लूसिव पार्टी के सदस्य आई. पी. गुप्ता ने छात्रों के चल रहे जोरदार प्रदर्शन और आंदोलन पर अपनी पार्टी का खुलकर समर्थन जताया है। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक हालात और देश की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि वर्षों से छात्रों के मन में जो वेदना और पीड़ा दबी हुई थी, आज वह सड़कों पर उतरकर अपना विरोध दर्ज करा रही है। पार्टी इस संघर्ष में पूरी तरह से छात्रों के साथ खड़ी है।
प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम पर तीखा प्रहार
आई. पी. गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुचर्चित कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा पर कड़ा तंज कसते हुए सीधा आरोप लगाया कि इस प्रकार के आयोजनों के नाम पर देश में बड़े पैमाने पर पेपर लीक जैसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जो सरकार या नेतृत्व खुद ऐसी व्यवस्थाओं से घिरा हुआ हो, वह क्या कभी असली दोषियों के खिलाफ कोई ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई करवा पाएगा? उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अब देश के युवाओं और आम जनता का मौजूदा सरकार के आश्वासनों से पूरी तरह से विश्वास उठ चुका है।


