पटना। राजधानी के फुलवारी शरीफ में इंटर की छात्रा पिंकी कुमारी की संदिग्ध मौत ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने एम्स गोलंबर के पास पटना-औरंगाबाद मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक गोपाल रविदास के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में लोगों ने छात्रा की मौत को सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और न्यायिक जांच की मांग की।

​कोचिंग की चौथी मंजिल से गिरने का मामला

​जानीपुर थाना क्षेत्र के चक मूसा की रहने वाली पिंकी कुमारी इंजीनियरिंग की तैयारी कर रही थी। गुरुवार सुबह 8 बजे वह कोचिंग के लिए निकली थी, लेकिन महज एक घंटे बाद उसकी मौत की खबर आई। बताया जा रहा है कि उसकी मौत कोचिंग संस्थान की चौथी मंजिल से गिरने के कारण हुई है। हालांकि, कोचिंग संस्थान दूसरी मंजिल पर ही संचालित होता है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

​परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

​मृतका के पिता सत्येंद्र राय और परिजनों का आरोप है कि पिंकी की हत्या की गई है। परिजनों के अनुसार, शव पर धारदार हथियार के निशान और शरीर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें पाई गई हैं। पिता ने बताया कि घटनास्थल पर खून के निशान न होना भी किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अब तक तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

​पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम का इंतजार

​SDPO सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि छात्रा को जबरन चौथी मंजिल पर ले जाया गया होगा, जहां से वह या तो जान बचाने के लिए कूदी या उसे धक्का दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।