कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हो रहे चुनाव के लिए आज मंगलवार (6, अक्टूबर) को नॉमिनेशन का आखिरी दिन है। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज की उम्मीदवार डॉ. दिव्या ज्योति ने अपना नामंकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे। डॉ. दिव्या ज्योति के मैदान में उतरने से पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

इस सीट पर पिछले तीन दशकों से भाजपा के प्रो. नवल किशोर यादव का दबदबा रहा है। भाजपा ने एक बार फिर उन्हें मैदान में उतारा है। वहीं, महागठबंधन की ओर से राजद ने डॉ. संजीव कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

बिहार की बेहतरी के लिए वोट करेंगे लोग- पीके

नामांकन के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, बिहार में बदलाव की शुरुआत जो बांकीपुर से हुई है, वो रुकने वाली नहीं है। लोग सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार को स्वीकार नहीं करेंगे। शिक्षक और स्नातक, जो बिहार के सबसे पढ़े-लिखे उम्मीदवार मतदाता हैं, वो हर हालत में बिहार में बदलाव और बेहतरी के लिए वोट करेंगे, सम्राट चौधरी को हटाने के लिए वोट करेंगे।

शिक्षकों को 7वां वेतनमान दिलाने की कही बात

प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि, वह शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलवाएंगे और यहां पर जो स्नातक बेरोजगार हैं, उनके लिए नौकरी की जो व्यवस्था बन सकती है, वो करेंगे। इस दौरान उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बांकीपुर से पूर्व विधायक रहे नितिन नबीन पर भी तंज कसा और कहा कि, नितिन नबीन कितनी बैठक बांकीपुर में किए हैं, उनको कोई पूछा? जब नितिन नबीन को लोग बांकीपुर में वोट नहीं दिए, तो शिक्षक में नितिन नबीन को कौन पूछेगा?

कौन हैं डॉ दिव्या ज्योति?

जन सुराज ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जिस डॉ. दिव्या ज्योति को अपना उम्मीदवार बनाया है। वह मूल रूप से पटना की ही रहने वाली हैं। उन्होंने चाणक्य कॉलेज ऑफ हायर स्टडीज में असिस्टेंट प्रोफेसर और चाणक्य फाउंडेशन की सीईओ हैं। डॉ. दिव्या ज्योति लंबे समय से बालिका शिक्षा, शिक्षकों के सम्मान और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों के उत्थान के लिए कार्यरत हैं। बता दें कि दिव्या ज्योति ने पहले निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। हालांकि बाद में महात्मा गांधी और डॉ भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों से प्रभावित होकर उन्होंने जन सुराज का दामन थाम लिया।

ये भी पढ़ें- ‘…तो फिर से बिगड़ सकते हैं हालात’, बाढ़ को लेकर डिप्टी CM विजय चौधरी ने दी चेतावनी