कुंदन कुमार, पटना। शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए पुलिस ने एक बड़े वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रानीतालाब और फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के ट्रक, ट्रेलर और कटिंग में इस्तेमाल होने वाले भारी उपकरण बरामद किए गए हैं।
ट्रकों की अवैध कटिंग का काला कारोबार
पश्चिमी पटना में वाहन चोरी की मिल रही लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रानीतालाब थाना क्षेत्र के निसरपुरा में एक गैराज के भीतर चोरी के ट्रकों को काटकर उनके पुर्जे अलग किए जा रहे हैं।
सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गैराज में छापेमारी की। जब पुलिस वहां पहुंची, तब एक ट्रक को काटकर उसका हुलिया बदला जा रहा था। पुलिस ने मौके से 5 आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गैराज का मुख्य संचालक झारखंड और अन्य बाहरी राज्यों से वाहन चुराकर यहां लाता था।
कबाड़खाने से भारी मात्रा में वाहन और उपकरण बरामद
रानीतालाब के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर फुलवारी शरीफ के नकटी भवानी (वास्तु विहार अपार्टमेंट) के पास स्थित एक कबाड़खाने पर दूसरी छापेमारी की।
- बरामद वाहन: एक 14-चक्का टाटा मोटर्स ट्रक, एक कटा हुआ 12-चक्का ट्रक और एक ट्रेलर।
- उपकरण: वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, दो गैस सिलेंडर, दो गैस कटर और एक मोटरसाइकिल।
इस कबाड़खाने से पुलिस ने 2 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस तरह कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जिनकी पहचान मोहम्मद सागर, मोहम्मद सलाउद्दीन, मोहम्मद राजा, मोहम्मद उस्मान गनी, चंदन कुमार (जहानाबाद), दिलीप कुमार (मधुबनी) और मोहम्मद जीशान (अरवल) के रूप में हुई है।
नेटवर्क और कड़ियों को खंगाल रही पुलिस
पटना सिटी अनुमंडल पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि यह गिरोह चोरी किए गए भारी वाहनों के पार्ट्स और मॉडिफाइड ट्रकों को बाजार में खपाता था। फिलहाल, पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस सिंडिकेट ने अब तक कुल कितने वाहनों को चुराया है और इनके तार किन-किन अन्य जिलों या राज्यों से जुड़े हैं।


