पटना। यूनिवर्सिटी (PU) छात्रसंघ चुनाव के लिए आज शनिवार को मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र दोपहर 2:30 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर सभी कॉलेजों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बीएन कॉलेज में छात्रों का आक्रोश
बीएन कॉलेज में उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब बिना आईडी कार्ड वाले छात्रों को मतदान केंद्र में प्रवेश करने से रोक दिया गया। छात्र रौनक और उनके साथियों का आरोप है कि बार-बार आवेदन के बावजूद कॉलेज प्रशासन ने उन्हें आईडी कार्ड जारी नहीं किए। छात्रों का तर्क है कि उनके पास एडमिशन की ओरिजिनल स्लिप मौजूद है, फिर भी उन्हें वोट डालने से वंचित किया जा रहा है।
चुनावी मैदान का गणित
इस बार सेंट्रल पैनल के 5 मुख्य पदों के लिए 41 और काउंसलर पदों के लिए 45 उम्मीदवार चुनावी रण में हैं।
अध्यक्ष पद: 11 उम्मीदवार
महासचिव: 9 उम्मीदवार
उपाध्यक्ष: 8 उम्मीदवार
वोटर्स की कुल संख्या: 19,973 (7,963 छात्राएं)
सर्वाधिक वोटर: पटना वीमेंस कॉलेज (4,657)
मतदान और मतगणना के नियम
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रो. शंकर कुमार के अनुसार, वोटरों को बैलेट पेपर पर उम्मीदवार के नाम के आगे बॉल पेन से क्रॉस (X) का निशान लगाना होगा। प्लस (+) या अन्य कोई भी निशान लगाने पर वोट रद्द माना जाएगा। एक छात्र को कुल 6 बार मतदान करना होगा (5 सेंट्रल पैनल और 1 काउंसलर के लिए)। अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग रंगों के बैलेट बॉक्स रखे गए हैं।
देर रात आएंगे नतीजे
मतदान संपन्न होने के बाद शाम 4:10 बजे से पटना आर्ट्स कॉलेज में मतगणना शुरू होगी। कुल 6 राउंड की गिनती के बाद देर रात तक परिणामों की घोषणा होने की संभावना है। बता दें कि काउंसलर पद पर 5 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध जीत चुके हैं, जिनकी आधिकारिक घोषणा आज परिणाम के साथ की जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


