कुंदन कुमार/पटना। राजधानी पटना के न्यू करबिगहिया इलाके में एक युवक के संदिग्ध अपहरण के बाद भारी बवाल मच गया है। अपहृत युवक की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने न्यू करबिगहिया रोड को जाम कर दिया और जमकर आगजनी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि शिकायत के घंटों बाद भी पुलिस बंटी नामक युवक का कोई सुराग नहीं लगा पाई है।

​जंक्शन के पास से हुआ अपहरण

​लापता युवक की पहचान न्यू करबिगहिया की कब्रिस्तान गली निवासी 33 वर्षीय बंटी के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब पटना जंक्शन स्थित दूध मार्केट के पास एक दुकान का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि मंगलवार देर रात करीब 1 बजे 7 से 8 लोग बंटी के साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे जबरन अपने साथ ले जा रहे हैं।
​परिजनों के अनुसार, बंटी सोमवार रात करीब 11:30 बजे अपने रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए पटना जंक्शन गया था। काफी देर तक न लौटने पर जब परिजनों ने फोन किया, तो उसने ट्रेन लेट होने की बात कहकर कॉल काट दिया। इसके बाद अहले सुबह से उसका फोन नहीं लगा, जिसके बाद परिजनों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

​सेक्स रैकेट के विरोध के कारण अपहरण की आशंका

​परिजनों का आरोप है कि बंटी स्टेशन के आसपास चल रहे कथित अवैध सेक्स रैकेट और गलत गतिविधियों का लंबे समय से विरोध कर रहा था। बंटी के फुफेरे भाई महानंद कुमार ने बताया कि इस विरोध के कारण उसका कई लोगों से विवाद भी हुआ था। परिजनों को पूरी आशंका है कि इसी रंजिश के चलते संगठित अपराधियों ने बंटी का अपहरण किया है।

​पुलिस पर बरसे परिजन, थाने में किया प्रदर्शन

​घटना के 17 घंटे बीत जाने के बाद भी बंटी का पता न चलने से आक्रोशित परिजनों ने मंगलवार देर शाम कोतवाली थाने में भी हंगामा किया था। बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर यातायात बाधित कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। उनका सीधा आरोप है कि यदि पुलिस ने शुरुआत से सक्रियता दिखाई होती, तो बंटी को अब तक बरामद कर लिया जाता।

​एसआईटी का गठन, दो संदिग्ध हिरासत में

​कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे लोगों में से एक की पहचान रोहित के रूप में हुई है, जिसके आधार पर पुलिस ने रोहित और बजरंगी नामक दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
​पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों के बयानों के आधार पर जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। फिलहाल प्राथमिकता बंटी को सकुशल बरामद करना है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक अवैध धंधे वाले एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही सब कुछ स्पष्ट हो सकेगा।