Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर के बिलौटी गांव निवासी भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बीजेपी एमएलसी और भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना जाहिर की है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
भरत तिवारी को बताया जागरूक और संवेदनशील व्यक्ति
पवन सिंह ने शोक संदेश जारी करते हुए अपने एक बयान में लिखा कि, भोजपुर निवासी स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी केवल इतना चाहते थे कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी जनता की समस्याओं का समाधान करें तथा गरीब, वंचित एवं बाढ़ पीड़ित परिवारों को उनके अधिकारों से वंचित न रखा जाए।
पवन सिंह ने कहा कि, भरत भूषण तिवारी समाज के लिए संघर्ष करने वाले एक जागरूक एवं संवेदनशील व्यक्ति थे। उन्होंने सदैव गरीबों, असहायों, दलितों एवं जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाने का कार्य किया। कोरोना महामारी, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं तथा अन्य कठिन परिस्थितियों में उन्होंने अपने सामर्थ्य से बढ़कर समाज सेवा की। उनके अनेक ऐसे उदाहरण मौजूद हैं, जिनमें वे प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों के साथ मिलकर जनहित के कार्य करते दिखाई देते हैं।
घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया- पवन सिंह
बीजेपी एमएलसी ने कहा कि, आज उनकी मृत्यु की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना को लेकर अनेक प्रश्न उठ रहे हैं। यदि विभिन्न माध्यमों से प्रसारित जानकारी एवं वीडियो में दिखाई गई परिस्थितियां सही हैं, तो यह आवश्यक है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायसंगत जांच कराई जाए, ताकि सत्य जनता के सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि, लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है। कानून का शासन तभी मजबूत माना जाता है जब हर घटना की जांच निष्पक्ष रूप से हो और दोषी चाहे कोई भी हो, उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए।
सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग
पवन सिंह ने कहा कि, मैं बिहार सरकार एवं संबंधित उच्च अधिकारियों से इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग करता हूं, ताकि सत्य सामने आए और न्याय सुनिश्चित हो सके। ऐसी घटनाएं समाज में अनेक सवाल खड़े करती हैं और यदि समय रहते सच्चाई सामने न आए तो आम जनता का विश्वास प्रभावित होता है।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, वह जल्द ही पीड़ित परिवार से मिलने के लिए भोजपुर पहुंचेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग को मजबूती से उठाऊंगा। पवन सिंह ने ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस असीम दुख को सहन करने की प्रार्थना की।
सरेंडर करने के बाद पुलिस ने मारी गोली!
गौरतलब है की भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में बीते 17 जून को हुए कथित एनकाउंटर के दौरान भरत तिवारी पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान बाद में मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ की स्थिति बनने पर आत्मरक्षा में गोली चलाई गई। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि हथियार फेंकने और सरेंडर करने के बाद पुलिस ने भरत तिवारी को गोली मारी है। भरत के आत्मसमर्पण और पिस्टल फेंकने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें- भीषण लू के बीच नीट छात्रों को राहत दे रहे समाजसेवी और महावीर मंदिर ट्रस्ट

