पटना। भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह एक बार फिर अपने बयानों और निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं। हाल ही में नवरात्र के दौरान मुंगेर के एक कार्यक्रम में उन्होंने अभिनेत्री अक्षरा सिंह से भरी मंच से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। इसके बाद से ही पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच का विवाद एक बार फिर से गहरा गया है और सोशल मीडिया पर लगातार नए खुलासे हो रहे हैं।
अक्षरा सिंह से माफी और पवन सिंह का बयान
मुंगेर के एक कार्यक्रम के दौरान मंच से पवन सिंह ने पुरानी बातों को पीछे छोड़ते हुए अक्षरा सिंह का खुले तौर पर जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि अक्षरा सिंह उनकी ‘बाबू’ और ‘बच्चा’ जैसी हैं, उनके पिता उनके बड़े भाई और माता उनकी भाभी जैसी हैं। पवन सिंह ने जनता के सामने कहा था कि उन्होंने माफी मांग ली है और सभी से इसके लिए तालियां बजाने की अपील की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने दर्शकों के उत्साह को देखते हुए यह संकेत भी दिए थे कि भविष्य में उनकी और अक्षरा सिंह की जोड़ी दोबारा किसी मंच या प्रोजेक्ट पर साथ नजर आ सकती है।
ज्योति सिंह का तीखा पलटवार और वायरल वीडियो
पवन सिंह के इस बयान और अक्षरा सिंह से सुलह के संकेतों के बाद उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर अप्रत्यक्ष रूप से तीखे तंज कसने शुरू कर दिए हैं। हाल ही में ज्योति सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह नवरात्र के दिनों में अपनी छोटी बहन जूही सिंह और दोस्तों के साथ ‘सिंदूर खेला’ खेलती नजर आ रही हैं।
इस दौरान वीडियो में उनकी एक सहेली ने मजाकिया अंदाज में जूही सिंह की मांग भरने की बात कही, जिस पर एक अन्य दोस्त ने तंज कसते हुए कहा कि पति ऐसा होना चाहिए जो थूककर चाटने वाला न हो और स्वाभिमान को बरकरार रखे। इस टिप्पणी पर ज्योति सिंह जोरों से हंसती हुई दिखाई दीं। इस वीडियो को पवन सिंह के हालिया बयानों से जोड़कर देखा जा रहा है और सोशल मीडिया पर इसकी खासी चर्चा हो रही है।
पवन और ज्योति की शादी और पुराने गंभीर आरोप
पवन सिंह ने साल 2018 में ज्योति सिंह से दूसरी शादी की थी। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रहने वाली ज्योति सिंह ने फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई की है, जबकि पवन सिंह ने मध्यमा बोर्ड से अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी की है। शादी के शुरुआती दिनों में ज्योति लाइमलाइट से दूर रहीं, लेकिन साल 2022 में यह रिश्ता पूरी तरह से तब बिखर गया जब ज्योति ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी।
तलाक की अर्जी के दौरान ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने अभिनेता पर मारपीट करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जबरन गर्भपात कराने के तक के आरोपड़े थे। इसके अलावा, ज्योति ने यह भी खुलासा किया था कि शादी के बाद भी पवन सिंह का संबंध भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ था, जिसने इस विवाद को और अधिक हवा दे दी थी।

