Pawan Singh News: भोजपुरी जगत के पावर स्टार पवन सिंह अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। पत्नी ज्योति सिंह के साथ उनके तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। इस मामले में कल शनिवार को पवन सिंह को परिवार न्यायालय में पेश होना था, लेकिन वह कोर्ट नहीं पहुंचे। ऐसा होने के पीछे अभिनेता के वकील ने उनकी मां की तबीयत खराब होने की वजह बताई और अगली तारीख देने की मांग की। वहीं, कोर्ट ने अभिनेता के लगातार दूसरी बार गौरहाजिर होने पर नाराजगी जताते हुए 3 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। इस मामले की अगली सुनवाई 12 नवंबर को होगी।

इससे पहले लगा था 1 हजार का जुर्माना

पवन सिंह की कोर्ट में पेशी को लेकर इससे पहले भी सख्ती दिखाई गई थी। 5 अक्टूबर को हुई सुनवाई के दौरान उनके गैरहाजिर रहने पर कोर्ट ने 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। साथ ही, उन्हें 17 अक्टूबर को अगली सुनवाई पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, इस तारीख पर भी पवन सिंह कोर्ट नहीं पहुंचे। इसके बाद अदालत ने जुर्माने की राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपये कर दी।

12 नवंबर को होगी अगली सुनवाई

अब इस मामले में सबकी नजर 12 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर है। पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच वैवाहिक विवाद लंबे समय से कानूनी प्रक्रिया में है। भरण-पोषण से जुड़े इस मामले में लगातार तारीखें पड़ रही हैं, लेकिन अब तक पवन सिंह की पेशी नहीं हो सकी है। फिलहाल, कोर्ट ने जुर्माना लगाते हुए अगली सुनवाई की तारीख तय कर दी है। अब देखना होगा कि 12 नवंबर को होने वाली सुनवाई में पवन सिंह अदालत में उपस्थित होते हैं या नहीं।

वन टाइम सेटलमेंट चाहते हैं पवन सिंह

कोर्ट की ओर से रिकॉन्सिलिएशन यानी सुलह की प्रक्रिया के तहत पवन सिंह और ज्योति सिंह एक बार फिर दोनों को अपने मतभेद भुलाकर साथ रहने का अवसर देने की कोशिश की जा रही है। हालांकि पवन सिंह ज्योति सिंह के साथ तलाक चाहते हैं। दरअसल 25 मार्च 2026 को हुई सुनवाई के दौरान अभिनेता ने जस्टिस आशुतोष कुमार से कहा था कि मैं ज्योति सिंह के साथ नहीं रहना चाहता। हमें तलाक चाहिए। अभिनेता ने वन टाइम सेटलमेंट के लिए भी सहमति जताई थी। उस दिन सुनवाई के लिए ज्योति सिंह कोर्ट नहीं पहुंची थी।

10 करोड़ रुपए और मकान देने की मांग

जबकि इससे पहले 11 फरवरी को हुई सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह कोर्ट पहुंची थी। उस दिन तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए पवन सिंह सुनवाई के लिए कोर्ट नहीं पहुंचे थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अस्पताल के बेड से उनकी पेशी हुई थी। 11 फरवरी को हुई सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह के वकील विष्णुधर पांडेय ने कहा था कि, अगर ज्योति सिंह के साथ पवन सिंह नहीं रहना चाहते हैं, तो 10 करोड़ रुपए और एक मकान देने के साथ मामला चलने तक उन्हें खर्च दें।

पहली पत्नी ने किया था सुसाइड

बता दें कि पवन सिंह की पहली पत्नी नीलम सिंह थी। साल 2014 में नीलम और पवन की शादी हुई थी, लेकिन शादी के कुछ महीने बाद ही नीलम ने सुसाइड कर लिया था. उसके बाद साल 2018 में पवन ने ज्योति सिंह से दूसरी शादी की। ये शादी भी ज्यादा दिन नहीं चली और कुछ समय बाद उनकी शादी में अनबन हो गई और दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर ज्योति सिंह ने अदालत का रुख ले लिया है।

ये भी पढ़ें- महाष्टमी पर नेपाल के गढ़ीमाई मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, भारत से भी दर्शन करने पहुंच रहे भक्त