Pawan Singh News: भोजपुरी अभिनेता और भाजपा एमएलसी पवन सिंह आज सोमवार की अहले सुबह भोजपुर के बिलौटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात की और उनके प्रति अपनी संवेदना जाहिर की। पवन सिंह के बिलौटी गांव पहुंचने की खबर मिलते ही भरत तिवारी के घर पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। पवन सिंह को देख भरत के परिजन भावुक हो गए।

भरत तिवारी की बहन से बंधवाई राखी

बता दें कि पवन सिंह सुबह करीब 4:30 बजे भरत तिवारी के घर पहुंचे थे, जहां उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने भरत की मां आशा देवी, पिता, भाई और बहन से घटना को लेकर विस्तार से बातचीत की और उनका पक्ष जाना। पवन सिंह ने भरत तिवारी की बहन से अपनी कलाई पर राखी भी बंधवाई। यह दृश्य देखकर सभी घरवालों के आंखों में आंसू आ गया और खुद अभिनेता भी भावुक हो गए। पवन सिंह ने यह भरोसा दिलाया कि इस राखी के सम्मान में भरत तिवारी को न्याय दिलाने की लड़ाई में वह उनके साथ खड़े हैं और अंतिम दम तक उनका साथ देंगे।

परिवार को दिलाया न्याय का भरोसा

पवन सिंह ने भरत तिवारी को अपने भाई जैसा बताया और कहा कि वह इस परिवार को भी अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। भाई (भरत तिवारी) को न्याय दिलाने के लिए वह उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात के बाद पवन सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, जब तक उनके बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उन्हें सुकून नहीं मिलेगा।

17 जून को हुआ था भरत का एनकाउंटर

गौरतलब है कि बीते 17 जून को भोजपुर के बिलौटी गांव में पुलिस ने भरत तिवारी का एनकाउंटर किया था। हालांकि जिस तरह आत्मसमर्पण करने के बाद भरत तिवारी को गोली मारी गई। इसे लेकर काफी बवाल देखने को मिला था। हंगामा और बढ़ते दबाव को देखते हुए बिहार सरकार ने मामले की जांच के लिए रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग का गठन किया था, जिसके अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर अब सीएम सम्राट ने भरत तिवारी के परिवार को आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है। साथ ही मामले की जांच और पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया है।

हालांकि भरत तिवारी के परिवार ने इससे इंकार करते हुए सबसे पहले घटना में शामिल सभी दोषी पुलिसकर्मियों को सजा देने की मांग की है। फिलहाल भरत तिवारी एनकाउंटर और पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर जांच जारी है। अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया से ही पूरी होगी।

ये भी पढ़ें- पटना पहुंचे दिनेश लाल यादव ने बताया महंगाई कंट्रोल करने का तरीका, राहुल गांधी को दी यह सलाह