वीरेंद्र कुमार/नालंदा। राजगीर-बख्तियारपुर रेलखंड स्थित पावापुरी रेलवे हाल्ट पर शुक्रवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा सामने आया। अपनी प्रेमिका से मिलने की हसरत लेकर नवादा जा रहे उत्तर प्रदेश के एक 19 वर्षीय युवक की लापरवाही उस पर भारी पड़ गई। ट्रेन से उतरने के बाद कान में इयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पार करना युवक के लिए काल बन गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

​इयरफोन बना हादसे का कारण

​घायल युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर (भदोही) जिले के भीखमपुरा एकौनी गांव निवासी सुरेश के पुत्र उद्रेश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उद्रेश मुंबई से राजगीर जाने वाली अजीमाबाद एक्सप्रेस से पावापुरी हाल्ट पर उतरा था। प्रत्यक्षदर्शियों और स्टेशन प्रबंधक श्यामू चौधरी के अनुसार, युवक ने अपने कानों में इयरफोन लगा रखा था, जिसके कारण उसे आसपास का कोई आभास नहीं था।
​जैसे ही वह रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था, उसी समय प्लेटफॉर्म नंबर-1 से राजगीर-दानापुर पैसेंजर ट्रेन गुजरी। ट्रेन के चालक ने उसे आगाह करने के लिए लगातार हॉर्न बजाया, लेकिन इयरफोन की तेज आवाज और संगीत में खोए युवक तक खतरे की आहट नहीं पहुंच सकी। नतीजा यह हुआ कि वह सीधे ट्रेन की चपेट में आ गया।

​अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रहा युवक

​हादसे के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 और एंबुलेंस को सूचित किया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे आनन-फानन में बिहारशरीफ स्थित मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक युवक के सिर और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है।

​प्रेमिका से मिलने की थी जल्दी

​पुलिस की प्राथमिक जांच और युवक के मोबाइल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि उद्रेश उत्तर प्रदेश से चलकर नवादा अपनी प्रेमिका से मिलने जा रहा था। प्रेम की दीवानगी में वह सुरक्षा के नियमों को पूरी तरह भूल गया था। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा है और वे बिहारशरीफ के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।