राहुल परमार, देवास। मध्य प्रदेश के चंदाना और बिंजाना में हुई कथित मौतों के मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि जहरीली शराब से मौतों के मामले में परिजनों की शिकायत के बावजूद पुलिस हत्या का प्रकरण दर्ज नहीं कर रही है। जीतू पटवारी ने सरकार पर शराब माफियाओं के दबाव में काम करने और मौतों से जुड़ी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करने के आरोप लगाए। उन्होंने मांग की कि मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत लागू होने वाली हत्या संबंधी धाराओं में कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पूरे मध्य प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाएगी।

दरअसल, मंगलवार को जीतू पटवारी देवास पहुंचे। जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने इंदौर से देवास और देवास से उज्जैन तक पदयात्रा निकालने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष और शहर अध्यक्ष पीड़ित परिवारों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने का प्रयास करेंगे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी इस मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेगी।

ये भी पढ़ें: Transfer Breaking: MP में कई IAS-IPS का तबादला, शराब कांड के बाद कलेक्टर को हटाया, 3 जिलों के एसपी बदले

माफियाओं ने जकड़ लिया है- जीतू पटवारी

इससे पहले जीतू पटवारी ने भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा था कि पांचवीं मंजिल से शराब माफिया सरकार चला रहे है। मुख्यमंत्री को मध्य प्रदेश के माफियाओं ने जकड़ लिया है। शराब माफिया अवैध रूप से गली गली में शराब बिकवा रहे है। उन्होंने कहा कि देवास में जहरीली शराब से 20 मौतें हो चुकी है। प्रदेश के कई शहरों में जहरीली शराब से मौतें हुई है। ये सरकारी हत्याओं का दोषी कौन है?

PCC चीफ ने दी ये चेतावनी

पटवारी ने पूछा कि क्या सरकार इन सरकारी मौतों के मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी? अगर सरकार चाहे तो एक दिन में अवैध शराब बिकना बंद हो जाए। सरकार और शासन-प्रशासन के अधिकारी इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं कि जहरीली शराब से मौतें हुईं है। अगर जहरीली शराब से मौतें नहीं हुईं तो फिर गिरफ्तारियां क्यों? किसी को क्या जबरन गिरफ्तार करोगे? उन्होंने कहा कि अगर जहरीली शराब मामले में कार्रवाई नहीं हुई, अवैध शराब बंद नहीं की तो सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे और सड़कों पर प्रदर्शन करेंगे। वहीं जीतू पटवारी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भी लिखा है।

ये भी पढ़ें: कटनी में गरजे पीसीसी चीफ: शुद्ध पेयजल और जहरीली शराब के मुद्दे पर सरकार को घेरा, कहा- आदिवासियों की जमीन वापस दिलाएंगे

कलेक्टर-एसपी के बाद 3 आबकारी अफसर निलंबित

इधर, कलेक्टर और एसपी को हटाने के बाद आबकारी विभाग में भी कार्रवाई की गई है। तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया गया है। देवास की जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया, सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलेश पवार और आबकारी उप निरीक्षक राजश्री खन्ना को सस्पेंड किया गया है। आपको बता दें कि इससे पहले देवास जिले के एसपी और कलेक्टर पर गाज गिरी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m