सोहराब आलम, मोतिहारी। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में आज मंगलवार (23, जून) को ढाका में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों के साथ शांति समिति की बैठक की। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि मुहर्रम आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई
डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ढाका क्षेत्र प्रशासन की विशेष निगरानी में है और पर्व के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
पर्याप्त बल में पुलिस की तैनाती
वहीं, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सुरक्षा तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि पूरे क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
एसपी ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। प्रशासन का लक्ष्य है कि मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हो।
ये भी पढ़ें- 25 जून को काला दिवस मनाएगी भाजपा, आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर साधेगी निशाना

