कुंदन कुमार, पटना। भाजपा हर साल की तरह इस साल भी 25 जून को काला दिवस के रूप में मनाएगी। इस दौरान पार्टी 25 जून 1975 को तत्कालीन भारत की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल को काले अध्याय के रूप में याद करेगी और कांग्रेस को घेरने का काम करेगी।
‘संविधान की हुई थी हत्या’
भाजपा के पूर्व विधायक हरीभूषण ठाकुर बचौल और पवन जायसवाल ने आज 23 जून को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि, 25 जून को ही देश में आपातकाल इंदिरा गांधी ने लगाया था। उस दिन संविधान की हत्या की गई थी। निश्चित तौर पर यह देश के लिए काला दिन था और यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी 25 जून को काला दिवस मनाने जा रही है।
सभी मंडल कार्यालयों पर मनेगा काला दिवस
हरीभूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि, बिहार के भाजपा के सभी मंडल कार्यालय पर 25 जून को काला दिवस मनाया जाएगा। हजारों कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शरीक होकर आपातकाल की निंदा करेंगे और आपातकाल के समय में क्या कुछ आम जनता के साथ किया गया था, उसकी भी चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा कि, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जिस तरह से पूरे देश में आपातकाल लगाया था। उन्होंने संविधान की हत्या की थी। निश्चित तौर पर यह देश के लिए एक काला दिन था और यही सोच लेकर हम लोग इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाने जा रहे हैं।
करीब 21 महीने तक लगा रहा आपातकाल
बता दें कि 25 जून 1975 को प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आंतरिक सुरक्षा का हवाला देते हुए देश में आपातकाल की घोषणा की थी। इस दौरान लोगों के मौलिक अधिकार छिन लिए गए थे। वहीं, आपातकाल का विरोध करने वाले नेताओं और आम लोगों को जेल में डाल दिया गया था। बिना सूचना अधिकारी की सहमति से कोई भी खबर छापने पर भी रोक लगा दी गई थी। इस दौरान 1 लाख से अधिक लोगों को जेल में डाला गया था। करीब 21 महीने तक देश में आपातकाल लगा रहा।
ये भी पढ़ें- PMCH में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, निशांत कुमार ने किया अत्याधुनिक रेडियोलॉजी विभाग का उद्घाटन

