कुंदन कुमार, पटना। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने आज मंगलवार (23, जून) को पटना के PMCH अस्पताल में नवनिर्मित अस्पताल भवन के टावर-3 के प्रथम तल पर स्थापित अत्याधुनिक रेडियोलॉजी विभाग का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड समेत आधुनिक मशीनों का जायजा लिया और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि, अब मरीजों को एक ही छत के नीचे सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और अन्य रेडियोलॉजी सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे जांच प्रक्रिया तेज होगी और इलाज में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

‘अनुमंडल- सदर अस्पताल में समुचित इलाज की व्यवस्था’

बता दें कि पिछले दिनों निशांत कुमार ने अपने एक बयान में कहा था कि, अब अनुमंडल और सदर अस्पतालों में ज्यादा से ज्याद मरीजों को इलाज हो, इसका हम लोग प्रयास कर रहे हैं। अनुमंडल और सदर अस्पताल में ही समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है। डॉक्टर अब गंभीर बीमार लोगों को ही पटना या अन्य शहर के अस्पताल में भेज व रेफर कर पाएंगे।

सिर्फ गंभीर मामलों में ही रेफर होंगे मरीज

निशांत कुमार ने कहा कि, सिविल सर्जन को जिले के अस्पताल में ही मरीजों का समुचित इलाज करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि, जिले के डॉक्टर को पटना बुलाकर भी गंभीर बीमारी का इलाज करने का ट्रेनिंग भी हम लोग देंगे। पहले जो रेफर करने का काम ये लोग करते थे। वो अब नहीं होगा। इलाज उन्हें सदर या अनुमंडल अस्पताल में ही करना होगा। गंभीर बीमारी जैसे ओपन हार्ट की सर्जरी या अन्य कोई अन्य गंभीर समस्या हो उसी हालत में डॉक्टर पटना के लिए रेफर कर पाएंगे।

ये भी पढ़ें- ‘भरत तिवारी की तरह हथियार नहीं डालूंगा, थाने में घुसकर मारूंगा गोली’, युवक ने लाइव आकर पुलिस को दी धमकी