सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले के बिजधरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर लाइव आकर पुलिस को खुलेआम धमकी दी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।
थाने में घुसकर गोली मारने की दी चेतावनी
वायरल वीडियो में युवक ने मोतिहारी पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि, यदि उसे बेवजह परेशान किया गया तो वह किसी को नहीं छोड़ेगा। उसने दावा किया कि वह दोनों हाथों से राइफल चलाना जानता है और उसके पास हथियारों की कोई कमी नहीं है।
युवक ने बिजधरी थाना में घुसकर गोली मारने तक की धमकी दी है। उसने थानाध्यक्ष सीमा कुमारी का नाम लेते हुए उन्हें भी अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। युवक ने पुलिस पर अपने परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया है।
भरत तिवारी की तरह नहीं करूंगा सरेंडर
युवक ने कहा कि यदि पुलिस को कोई पूछताछ करनी है तो सीधे उससे की जाए, वह जहां बुलाया जाएगा वहां पहुंचने को तैयार है। उसने अपने भाई की पूर्व में हुई हत्या के लिए प्रशासन और गांव के कुछ लोगों को भी जिम्मेदार ठहराया। युवक ने कहा कि वह भरत तिवारी की तरह सरेंडर और हथियार नहीं डालेगा। उसे दोनों हाथ से हथियार चलाने आता है। उसने कहा कि मुझे प्रशासन से नफरत हो गया है, जबसे हमारे मम्मी-पापा को टॉर्चर किया गया है।
कार्रवाई और छानबीन में जुटी पुलिस
पुलिस को लाइव आकर धमकी देने का वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो के संज्ञान में आने पर पुलिस भी मामले और वीडियो की जांच पड़ताल में जुट गई। वायरल वीडियो के संदर्भ में बिजधरी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने कहा कि, वीडियो जारी करने वाले युवक की पहचान सुन्दरापुर निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- ‘मामले में होगा दूध का दूध और पानी का पानी’, भरत तिवारी एनकाउंटर पर डिप्टी CM विजय चौधरी का बड़ा बयान

