अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बकरीद (ईद-उल-अज़हा) त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सासाराम नगर थाना परिसर में आज रविवार (24 मई) को शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से सासाराम अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) डॉ. नेहा कुमारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) दिलीप कुमार ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, पूजा समितियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने हिस्सा लिया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने दिए कड़े निर्देश

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने कहा कि सासाराम हमेशा से कौमी एकता और आपसी भाईचारे का गवाह रहा है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन को पर्व के दौरान साफ-सफाई, चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

​वही, एसडीपीओ दिलीप कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदेहास्पद गतिविधि या सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। उन्होंने जोर देकर कहा, “यदि आप सभी का सहयोग रहा, तो हर साल की भांति इस बार भी बकरीद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक रहेगा।”

​विभिन्न समितियों ने रखी अपनी बात

बैठक के दौरान शांति समिति की लगातार हो रही बैठकों की सराहना की गई। दूसरी तरफ, आम नागरिकों के साथ-साथ ‘नगर निगम सेवा समिति’, ‘नगर पूजा सेवा समिति’ और ‘मुहर्रम कमेटी’ सहित अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी बातें और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। मुख्य रूप से नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं, बिजली-पानी की व्यवस्था और पर्व के दौरान रूट चार्ट को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित निष्पादन का भरोसा दिलाया।

​एकजुटता और तालमेल पर जोर

बैठक में मौजूद सभी पक्षों ने एक सुर में कहा कि वे प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। सभी लोगों ने आपसी तालमेल और एकजुटता के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया कि प्रशासन मुस्तैदी से हर स्थिति पर नजर रख रहा है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

ये भी पढ़ें- श्राद्ध कार्यक्रम के बाद मछली-भात नहीं खिलाया तो पूरे परिवार के साथ की मारपीट, पति-पत्नि समेत 6 घायल