राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। मुकुंदपुर स्थित जनता विहार में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर बाइक मालिक और उसके परिजनों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी बिना जरूरी कागजात वाली बाइक को थाने ले जा रहे थे। इसी बात से नाराज बाइक मालिक और उसके परिजनों ने पुलिस टीम को घेर लिया और अचानक उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमला करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना उस समय हुई जब पुलिसकर्मी इलाके में वाहन चेकिंग कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान एक बाइक बिना जरूरी दस्तावेजों के मिली। पुलिसकर्मियों ने बाइक को जब्त कर थाने ले जाने की प्रक्रिया शुरू की तो बाइक मालिक और उसके परिजन कथित तौर पर भड़क गए। आरोप है कि हमलावरों ने पहले पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद ईंट-पत्थर और डंडों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले के दौरान शोर सुनकर मदद और बीच-बचाव के लिए पहुंचे हेड कांस्टेबल टीनू पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

3 पुलिसकर्मी घायल, 17 साल का नाबालिग पकड़ा गया

हमले में हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में गंभीर चोट आई है। कुल तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 17 वर्षीय एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि, हमले में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

BNS की धाराओं में FIR दर्ज, मुख्य आरोपी की तलाश

भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले में FIR नंबर 537/26 दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 132, 121(1), 110, 61 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य फरार आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का घोषित बैड कैरेक्टर (BC) है। उसके खिलाफ पहले से 5 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें दो मामले NDPS एक्ट से जुड़े हैं, जबकि अन्य मामले गंभीर अपराधों से संबंधित बताए जा रहे हैं। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m