नई दिल्ली: भाजपा नेता और पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा (Pawan Khera) पर तीखा हमला बोला है। बिधूड़ी ने दावा किया कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित (Sheela Dikshit) के कार्यकाल में पवन खेड़ा उनके जूते-चप्पल उठाने का काम करने वाले कर्मचारी थे। बिधूड़ी ने यह टिप्पणी पवन खेड़ा का एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए की। वीडियो में खेड़ा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। इसी को लेकर बिधूड़ी ने नाराजगी जताई और कहा कि पवन खेड़ा को पहले अपनी हैसियत देखनी चाहिए। भाजपा नेता ने अपने बयान में असम प्रकरण का भी जिक्र किया और पवन खेड़ा को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें भी उनके बारे में काफी कुछ पता है।

भाजपा नेता और पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा पर तीखा पलटवार किया है। बिधूड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि खेड़ा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बारे में अभद्र टिप्पणी करने से पहले अपनी हैसियत देखनी चाहिए। बिधूड़ी ने दावा किया कि शीला दीक्षित की सरकार के दौरान पवन खेड़ा उनके कार्यालय में चप्पलें उठाने वाले कर्मचारी थे। उन्होंने कहा कि वह उस समय विधायक थे और उन्हें पता है कि शीला दीक्षित के कार्यकाल में खेड़ा की क्या भूमिका थी।

असम प्रकरण भूल गए क्या?’

भाजपा नेता ने अपने पोस्ट में असम प्रकरण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर वह पवन खेड़ा की भूमिका के बारे में बताना शुरू करेंगे तो उन्हें छिपना पड़ेगा। बिधूड़ी ने दावा किया कि वह उनके काम और उस दौर की गतिविधियों के बारे में तथ्यों के साथ बोल सकते हैं। उन्होंने पवन खेड़ा को चेतावनी देते हुए कहा कि ‘मेरा मुंह न खुलवाएं’ और अपनी भाषा पर नियंत्रण रखें। बिधूड़ी ने कहा कि अपनी मर्यादा में रहना खेड़ा के लिए बेहतर होगा।

सुप्रिया श्रीनेत पर भी रमेश बिधूड़ी का हमला

भाजपा नेता और पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी ने कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया, जिसमें राहुल गांधी पुलिस स्टेशन में लगी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीर को लेकर सवाल करते नजर आ रहे हैं। वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए बिधूड़ी ने राहुल गांधी को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में खुद को ‘पप्पू’ स्वीकार किया है और कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत उन्हें यह ‘तगमा’ दिलाने में लगी हैं। बिधूड़ी ने अपनी पोस्ट में कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी और सुप्रिया श्रीनेत की राजनीतिक शैली पर कटाक्ष किया।

दिल्ली पुलिस केंद्र के अधीन, इसलिए थाने में गृह मंत्री की तस्वीर

रमेश बिधूड़ी ने राहुल गांधी के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्र सरकार के अधीन आती है और अमित शाह देश के गृह मंत्री हैं, इसलिए प्रोटोकॉल के तहत पुलिस थाने में उनकी तस्वीर लगी होना स्वाभाविक है। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। बिधूड़ी ने कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह राहुल गांधी के सवाल को सही ठहराकर उनकी ‘पप्पू की डिग्री’ को और महान बनाने की कोशिश कर रही हैं। भाजपा नेता ने कांग्रेस नेतृत्व के सलाहकारों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के आसपास मौजूद लोग उन्हें ऐसे बयान देने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिससे वह ‘अंतरराष्ट्रीय पप्पू’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m