अयोध्या. श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की संपत्ति के गबन के आरोप के बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. इस बीच मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में याचिका दायर की गई है. इस पर अगले हफ्ते सुनवाई हो सकती है. ये याचिका 12 जून को दाखिल की गई है. जिसे स्थानीय अधिवक्ता मोहित अशोक ने इसे व्यक्तिगत रूप से दाखिल किया है.

याचिका में आग्रह किया गया है कि मामले में जांच समेत केस दर्ज करने के निर्देश सीबीआई को दिया जाए. इसके अलावा कैग से भी मामले की जांच कराने की मांग की गई है. याचिकाकर्ता का कहना है कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक भगवान श्रीराम जी के मंदिर में दान और चढ़ावे की संपत्ति के कथित गबन के आरोपों का मामला अखबारों में छपा. इससे भक्तों की भावनाओं को ठेस पंहुची है. ऐसे में इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच और ऑडिट होना आवश्यक है.

इसे भी पढ़ें : चोरी तो रोज होती थी, मैंने शिकायत की तो चंपत राय ने मुझे हटा दिया..! चढ़ावे में 7 करोड़ के गबन का दावा, पूर्व लेखा प्रभारी ने खोली ट्रस्ट की पोल

बता दें कि इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राम मंदिर और अयोध्या के नाम पर कुछ लोग लगातार कमाई कर रहे हैं. पहले सस्ती जमीनें खरीदकर महंगे दामों में बेची गई और अब चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोप सामने आ रहे हैं. यह गंभीर मामला है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए.