संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में पेट्रोल-डीजल को लेकर अब संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। जिले के कई पेट्रोल पंप पिछले दो दिनों से सूखे पड़े हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाइक, कार और अन्य वाहन चालक पेट्रोल पंपों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कई जगह उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
आलीराजपुर जिले के पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि समय पर पेट्रोल-डीजल लेकर आने वाले टैंकर नहीं पहुंच पा रहे हैं। सप्लाई प्रभावित होने के चलते कई पंपों का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है। ऐसे में कई जगह पंप बंद करने की स्थिति बन गई है, जबकि कुछ पंपों पर सीमित मात्रा में ही ईंधन दिया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, जिन पेट्रोल पंपों पर फिलहाल पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है, वहां भी सीमा तय कर दी गई है। वाहन चालकों को पेट्रोल केवल 100 से 200 रुपए तक और डीजल अधिकतम 500 रुपए तक ही दिया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को थोड़ी-थोड़ी राहत मिल सके।
ये भी पढ़ें: Dewas Factory Blast: बीजेपी सांसद और फैक्ट्री मालिक की तस्वीर वायरल, कांग्रेस ने पूछा- किसके संरक्षण में चल रह था मौत का कारोबार ?
वहीं आम लोगों का कहना है कि देश के प्रधानमंत्री आम जनता से पेट्रोल-डीजल की बचत की अपील कर रहे हैं, लेकिन आलीराजपुर जिले में हालात ऐसे बन गए हैं कि जरूरत के समय ईंधन ही उपलब्ध नहीं हो पा रहा। सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है जिनका रोज का रोजगार वाहनों पर निर्भर है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और ज्यादा चिंताजनक बताए जा रहे हैं।
लोग सुबह से पेट्रोल पंपों पर लाइन लगाकर इंतजार करते नजर आए, लेकिन सप्लाई नहीं आने से उन्हें मायूस लौटना पड़ा। ट्रैक्टर, बाइक और मालवाहक वाहन चालकों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। पेट्रोल-डीजल संकट का असर अब बाजार, परिवहन और दैनिक कामकाज पर भी साफ दिखाई देने लगा है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित कंपनियों से जल्द सप्लाई व्यवस्था सुधारने की मांग की है ताकि जिले में हालात सामान्य हो सकें।


