Business Desk – Petrol-Diesel Rule Changed : केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की बिक्री को लेकर बड़ा फैसला लिया है. अब इंडस्ट्रियल, कॉमर्शियल और इंस्टीट्यूशनल यानी बल्क यूजर्स सामान्य रिटेल पेट्रोल पंपों से ईंधन नहीं खरीद सकेंगे. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इस संबंध में नया आदेश जारी किया है, जिसके तहत ऐसे उपभोक्ताओं को केवल अधिकृत थोक बिक्री केंद्रों (Bulk Sale Points) से ही पेट्रोल और डीजल खरीदना होगा.

90 दिनों के लिए लागू रहेगा नया नियम

सरकार के अनुसार यह व्यवस्था शुरुआती तौर पर 90 दिनों के लिए लागू की गई है. जरूरत पड़ने पर नए आदेश के जरिए इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है. इस फैसले का उद्देश्य ईंधन वितरण व्यवस्था को संतुलित रखना और रिटेल आउटलेट्स पर बढ़ते दबाव को कम करना है.

आखिर सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?

पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, देश के कई हिस्सों में रिटेल पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की बिक्री में असामान्य बढ़ोतरी देखी गई थी. जांच में पता चला कि थोक और रिटेल कीमतों में बड़ा अंतर होने के कारण कई कॉमर्शियल और संस्थागत उपभोक्ता थोक की बजाय रिटेल पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीद रहे थे. इसी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ‘मोटर स्पिरिट और हाई स्पीड डीजल ऑर्डर-2026’ लागू किया गया है.

दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपए, डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपए प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर है. यह देश के कई बड़े शहरों की तुलना में संतुलित स्तर पर बना हुआ है.

मुंबई और कोलकाता में ईंधन के दाम ऊंचे

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपए और डीजल 97.83 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है. वहीं, कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपए और डीजल 99.82 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है, जो प्रमुख महानगरों में सबसे ऊंची कीमतों में से एक है.

चेन्नई और भोपाल में भी महंगा ईंधन

चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 107.77 रुपए और डीजल 99.55 रुपए प्रति लीटर है. वहीं, भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपए प्रति लीटर के साथ सूची में सबसे महंगा है, जबकि डीजल 99.74 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है.

रायपुर, जयपुर और पटना में क्या हैं ताजा रेट?

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल 107.96 रुपए और डीजल 101.17 रुपए प्रति लीटर है. जयपुर में पेट्रोल 112.66 रुपए और डीजल 97.78 रुपए है. वहीं, पटना में पेट्रोल 112.70 रुपए और डीजल 99.87 रुपए प्रति लीटर के भाव पर उपलब्ध है.

चंडीगढ़ और देहरादून में राहत

चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.53 रुपए और डीजल 89.63 रुपए प्रति लीटर है, जो प्रमुख शहरों में सबसे कम कीमतों में शामिल है. वहीं, देहरादून में पेट्रोल 100.20 रुपए और डीजल 97.10 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है.

दिल्ली में थोक और रिटेल कीमतों में 39.30 रुपए का अंतर

कीमतों के अंतर को दिल्ली के उदाहरण से समझा जा सकता है. राजधानी में रिटेल पंपों पर डीजल की कीमत 95.20 रुपए प्रति लीटर है, जबकि थोक उपभोक्ताओं के लिए यही कीमत 134.50 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है. यानी दोनों के बीच 39.30 रुपए प्रति लीटर का बड़ा अंतर है. यही वजह रही कि कई बड़े उपभोक्ता रिटेल आउटलेट्स की ओर रुख कर रहे थे.

आम लोगों को राहत देने के लिए कम रखी गई थीं रिटेल कीमतें

सरकारी तेल कंपनियों ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की लागत बढ़ने के बावजूद आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए रिटेल कीमतों को नियंत्रित रखा. दूसरी ओर, बिजली उत्पादन कंपनियों, टेलीकॉम टावर ऑपरेटरों और अन्य बड़े उपभोक्ताओं से बाजार आधारित यानी मार्केट लिंक्ड कीमतें वसूली जा रही थीं.

वैश्विक संकट का सप्लाई चेन पर असर

मंत्रालय का कहना है कि दुनिया के कई हिस्सों में चल रहे जियोपॉलिटिकल तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय पेट्रोलियम सप्लाई चेन, शिपिंग और पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता प्रभावित हुई है. ऐसे माहौल में रिटेल और थोक कीमतों के बड़े अंतर ने बाजार में असंतुलन पैदा कर दिया था.

अब रोजाना केवल 200 लीटर डीजल खरीदने की लिमिट

नए नियम के तहत रिटेल पेट्रोल पंपों से डीजल की बिक्री केवल वाहनों के फ्यूल टैंक या ‘पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO)’ से स्वीकृत कंटेनरों में ही की जा सकेगी. इसके साथ ही प्रति ग्राहक या प्रति वाहन अधिकतम 200 लीटर डीजल प्रतिदिन खरीदने की सीमा तय कर दी गई है.

दोबारा नहीं बेच सकेंगे खरीदा गया डीजल

सरकार ने स्पष्ट किया है कि रिटेल आउटलेट से खरीदा गया डीजल किसी भी स्थिति में दोबारा बिक्री के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा. बड़े उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के लिए खुद के उपभोक्ता पंप या अधिकृत थोक बिक्री केंद्रों का ही उपयोग करना होगा.