इंदर कुमार, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से जालसाजी और धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां कटंगी कुसली स्थित एक पेट्रोल पंप को बेचने के नाम पर युवक से 88 लाख रूपए की मोटी रकम ऐंठ ली गई। पूरी रकम वसूलने के बाद भी जब पेट्रोल पंप खरीदार के नाम नहीं किया गया और उसे किसी तीसरे व्यक्ति को बेचने की तैयारी कर ली गई, तब जाकर इस पूरी ठगी का खुलासा हुआ। पीड़ित की शिकायत पर अधारताल थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें : इंदौर में गहराए जल संकट पर CM मोहन यादव सख्त, बोले- संकटग्रस्त वार्डों में लागू करें विशेष योजना, मोटर लगाकर पानी खीचने वालों पर होगी कार्रवाई
मार्च 2025 में हुआ था सौदा, एग्रीमेंट के बाद दी पूरी रकम
धोखाधड़ी का यह पूरा खेल 10 मार्च 2025 को शुरू हुआ था। कटंगी कुसली स्थित एक पेट्रोल पंप को बेचने के लिए दीपिका सिंह राजपूत और अनिकेत सिंह राजपूत ने पीड़ित विशाल के साथ 88 लाख रुपये में सौदा तय किया था। दोनों पक्षों के बीच एक एग्रीमेंट भी हुआ था, जिसके तहत यह तय पाया गया कि पूरी रकम मिलने के बाद पेट्रोल पंप आधिकारिक तौर पर विशाल के नाम ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
एग्रीमेंट की शर्तों के मुताबिक पीड़ित विशाल ने आरोपियों पर भरोसा करते हुए RTGS, बैंक चेक और UPI जैसे अलग-अलग माध्यमों से कुल 88 लाख रुपये का पूरा भुगतान कर दिया।
दिसंबर 2025 में खुला राज: किसी और को बेच दिया पेट्रोल पंप
पूरी रकम चुकाने के बाद भी दीपिका सिंह राजपूत और अनिकेत सिंह राजपूत ने पेट्रोल पंप विशाल के नाम करने में टालमटोल शुरू कर दी। इसी बीच दिसंबर 2025 में विशाल को भनक लगी कि आरोपियों ने वह पेट्रोल पंप किसी और दूसरे व्यक्ति को बेच दिया है।
पैसे वापस मांगने पर करते रहे टालमटोल, अब पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित विशाल ने आरोपियों से अपने 88 लाख रुपये वापस करने की मांग की। लेकिन पूरी रकम डकार चुके दीपिका और अनिकेत सिंह राजपूत लगातार पैसे लौटाने के नाम पर बहानेबाजी और टालमटोल करते रहे।
ये भी पढ़ें : मम्मी-पापा, माफ करना… डॉक्टर बनने का सपना देख रही आकांक्षा हार गई जिंदगी की जंग, NSUI अध्यक्ष के सामने रो पड़ी बेबस मां
पीड़ित ने आधारताल थाने का खटखटाया दरवाजा
आखिरकार परेशान होकर पीड़ित ने न्याय के लिए अधारताल थाने का दरवाजा खटखटाया और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधारताल थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

