राकेश चतुर्वेदी, बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल आठनेर मार्ग पर देर रात सड़क हादसे में PHE विभाग के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल है। हादसा अमदर मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक राजेश वसुले हीवरखेड़ निवासी
मृतक की पहचान 32 वर्षीय राजेश वसुले के रूप में हुई है, जो हीवरखेड़ के निवासी और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मैकेनिकल विंग में समयपाल थे। बताया जा रहा है कि राजेश अपने साथी कर्मचारी हिमांशु मगरदे के साथ विभागीय कार्य से कोलगांव जा रहे थे। इसी दौरान अमदर मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घायल हिमांशु मगरदे नागपुर रेफर
स्थानीय निवासी प्रकाश कसारे ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपनी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद राजेश वसुले को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल हिमांशु मगरदे को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

