गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर आज दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आम से भरी एक पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में गाड़ी में सवार ड्राइवर और हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गए। जहां उन्हें फौरन मदद की जरूरत थी, वहीं मौके पर पहुंची भीड़ ने संवेदनशीलता की सारी हदें पार कर दीं।

गाड़ी पलटते ही हाईवे पर दूर-दूर तक आम बिखर गए। हादसे की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीर मौके पर जमा हो गए। उम्मीद थी कि लोग घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद करेंगे। लेकिन, भीड़ ने घायलों की तरफ देखने के बजाय सड़क पर बिखरे आमों को लूटना शुरू कर दिया। लोग थैले और पॉलिथीन भरकर आम ले जाने में व्यस्त हो गए।

ड्राइवर और हेल्पर सड़क पर दर्द से तड़पते रहे

ड्राइवर और हेल्पर सड़क पर दर्द से तड़पते रहे, लेकिन किसी ने उनकी सुध नहीं ली। आम इकट्ठा करने की इस अंधी दौड़ का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें साफ दिख रहा है कि कैसे लोग अपनी जान जोखिम में डालकर आम बटोर रहे हैं, जबकि घायल मदद के लिए कराह रहे हैं।

पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी

काफी देर बाद कुछ स्थानीय लोग वहां पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य किया और सड़क से क्षतिग्रस्त पिकअप को हटाकर यातायात बहाल करवाया। इस घटना ने एक बार फिर समाज के संवेदनहीन चेहरे को सामने लाकर रख दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m