IndiGo Flight 6E 1302 Emergency Landing: दोहा से बेंगलुरु जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 1302 की गुरुवार सुबह पायलट की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मस्कट एयरपोर्ट पर एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है। लैंडिंग के बाद पायलट को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पायलट की तबीयत बिगड़ने पर मस्कट डायवर्ट हुई फ्लाइट
उड़ान के दौरान पायलट की तबीयत अचानक खराब होने के बाद विमान को सुरक्षा कारणों से मस्कट की ओर मोड़ा गया। विमान ने मस्कट एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद पायलट को मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए IndiGo की वैकल्पिक व्यवस्था
पायलट की तबीयत खराब होने के कारण यात्रा प्रभावित होने पर IndiGo ने यात्रियों को उनके गंतव्य बेंगलुरु पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। एयरलाइन ने नई क्रू टीम के साथ बेंगलुरु से मस्कट के लिए एक अन्य विमान भेजने की तैयारी की है। इसके जरिए यात्रियों की आगे की यात्रा पूरी कराई जाएगी।
Air India Flight की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग
इसी बीच गुरुवार सुबह वाराणसी से दिल्ली जा रही Air India की फ्लाइट IX-1253 को भी एहतियातन लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। विमान के आफ्ट कार्गो कंपार्टमेंट में धुआं होने का संकेत मिलने के बाद पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लखनऊ में लैंडिंग का फैसला किया।
जांच में नहीं मिला धुआं, सभी 155 यात्री सुरक्षित
विमान ने करीब 8:52 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने तत्काल विमान का निरीक्षण किया, लेकिन अंदर या कार्गो कंपार्टमेंट में कहीं भी धुआं नहीं मिला। यात्रियों और क्रू को करीब 9:02 बजे विमान से सुरक्षित उतार लिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान की तकनीकी जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



