गया। पितृपक्ष मेले के पावन अवसर पर पिंडदान और तर्पण के लिए पुनपुन घाट आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने राहत भरा कदम उठाया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, नालंदा और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक मेला अवधि के दौरान महत्वपूर्ण ट्रेनों को पुनपुन घाट हॉल्ट पर दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है।
इस विशेष व्यवस्था के अंतर्गत राजगीर और इस्लामपुर से चलने वाली प्रमुख गाड़ियों के साथ-साथ कई अन्य एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनें दोनों दिशाओं में रुकेंगी। इसमें राजगीर-बनारस बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस (15137/15138), इसलामपुर-हटिया एक्सप्रेस (18623/18624), इसलामपुर-पटना मेमू (63391/63392), पटना-भभुआ रोड इंटरसिटी (13243/13244), पलामू एक्सप्रेस (13347/13348), सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस (13349/13350), पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस (18625/18626), पाटलिपुत्र-गया मेमू (63329/63330), चर्लपल्ली-पटना स्पेशल, पटना-नवादा और पटना-गयाजी मेमू शामिल हैं।
अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर भी 5 जोड़ी ट्रेनों का ठहराव
मेले के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और स्नानार्थियों की सहूलियत को देखते हुए प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अनुग्रह नारायण रोड और चिरैला पौथू के बीच स्थित अस्थायी हॉल्ट ‘अनुग्रह नारायण स्नान घाट’ पर भी 5 जोड़ी ट्रेनों को दो-दो मिनट का ठहराव दिया गया है।
यह सुविधा भी 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत धनबाद-सासाराम इंटरसिटी (13305/13306), आसनसोल-वाराणसी मेमू पैसेंजर (13553/13554) के अलावा गया-डेहरी ऑन सोन-गया रूट की तीन जोड़ी मेमू पैसेंजर ट्रेनों (गाड़ी सं. 63289/63290, 63291/63292 और 63295/63296) को रोका जाएगा। इस व्यवस्था से पवित्र स्नान और तर्पण करने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।


