पंकज श्रीवास्तव, सारण। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने सारण शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र से उपचुनाव के उम्मीदवार अफाक अहमद के नामांकन में शामिल होकर एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज कर दी है। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली बार जब उनके पास कोई औपचारिक दल नहीं था, तब भी जनता और शिक्षकों ने अफाक अहमद को भारी मतों से जिताया था। इस बार जन सुराज के रूप में लोगों के पास एक मजबूत राजनीतिक विकल्प और संगठन दोनों मौजूद हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार जनता अफाक अहमद को और भी बड़े अंतर से विजयी बनाएगी।
शिक्षकों के हक की लड़ाई और सातवां वेतनमान
नामांकन सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने राज्य के शिक्षकों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने स्पष्ट रूप से घोषणा की कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलवाने की पूरी जिम्मेदारी जन सुराज की होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का यह हक लंबे समय से लंबित है और उनकी पार्टी सत्ता में आने या संगठन के प्रभाव से इस मांग को हर हाल में पूरा करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षकों के उत्थान के बिना समाज और राज्य का विकास संभव नहीं है।
सम्राट चौधरी और पारंपरिक दलों पर तीखा हमला
प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य पारंपरिक दलों के नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए तीखा प्रहार किया। उन्होंने जनता से सीधा सवाल करते हुए कहा कि यदि सब कुछ देखने और जानने के बाद भी आपने एनडीए, बीजेपी या आरजेडी को वोट दिया, तो यह बात गांठ बांध लें कि आपके इस एक वोट से बिहार में अनपढ़ और अपराधियों का राज और अधिक मजबूत हो जाएगा।
उन्होंने जनता को सचेत करते हुए कहा कि राज्य में वर्तमान समय में जो दुष्कर्म, गंदगी, अपराध और भ्रष्टाचार का माहौल बन रहा है, उसमें कहीं न कहीं इन दलों को वोट देने वाले मतदाता भी भागीदार बन जाएंगे। इसलिए, बदलाव की इस आंधी में सही और गलत का चुनाव करना जनता के हाथ में है।

