कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर के मनमोहन नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में देर रात स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बड़ी लापरवाही सामने आई। अस्पताल में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ की गैरमौजूदगी के बीच एक सफाई कर्मी महिला मरीज का बीपी नापते हुए मिली। मामले की जानकारी लगते ही युवक कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने ड्यूटी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने मरीज का इलाज शुरू करवाया और मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
READ MORE: NCC कैंप में कई बच्चों की बिगड़ी तबीयतः अस्पताल में भर्ती, भीषण गर्मी में लू या फूड पॉइजनिंग की आशंका
बताया जा रहा है कि देर रात कुछ मरीज इलाज के लिए मनमोहन नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे, लेकिन अस्पताल में न तो डॉक्टर मौजूद थे और न ही जिम्मेदार मेडिकल स्टाफ। इसी दौरान एक सफाई कर्मी महिला मरीज का बीपी चेक करती दिखाई दी। इसका वीडियो सामने आने के बाद युवक कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए और अस्पताल परिसर में नारेबाजी शुरू कर दी।
READ MORE: राज्य सड़क सुरक्षा सचिवालय का होगा गठन: नागरिकों की सुविधा के लिए जल्द ‘सुगम परिवहन सेवा योजना’, सीएम डॉ. यादव ने दिए ये निर्देश
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अस्पताल में लगातार लापरवाही बरती जा रही है और मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ हो रहा है। काफी देर तक चले हंगामे के बाद सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मरीजों के इलाज की व्यवस्था करवाई और पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। फिलहाल सीएमएचओ ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है।

