सोनू वर्मा ,नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में बच्चों को क्षमता से अधिक संख्या में भरकर ले जा रही एक टाटा मैजिक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।

जानकारी के मुताबिक 23 मई को बिवा रोड पर एक टाटा मैजिक वाहन में स्कूली बच्चों को नियमों की अनदेखी करते हुए ले जाया जा रहा था। वाहन के अंदर जहां 15 से 20 बच्चे बैठे हुए थे, वहीं 10 से 12 बच्चे वाहन की छत पर बैठे नजर आए। यह दृश्य किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा था।


राहगीरों ने बनाया वीडियो

रास्ते से गुजर रहे एक व्यक्ति ने इस खतरनाक लापरवाही का वीडियो बनाकर पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाया। वीडियो सामने आते ही जिला पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देश मिलते ही ट्रैफिक थाना मांडीखेड़ा पुलिस हरकत में आई और महज दो घंटे के भीतर संबंधित टाटा मैजिक को पकड़ लिया गया। जांच में स्कूली बच्चों के परिवहन संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन का चालान कर उसे इंपाउंड कर दिया गया।

नियमों की अनदेखी
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों को इस तरह ठूंस-ठूंसकर और छत पर बैठाकर ले जाना उनकी जान जोखिम में डालने जैसा है। बताया जा रहा है कि चालक बच्चों से किराया लेकर उन्हें स्कूल लाने-ले जाने का काम करता था।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वाहन में सवार बच्चे किस निजी स्कूल के थे और वाहन संचालन में किन-किन नियमों की अनदेखी की गई। इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।