दिल्ली पुलिस (Delhi Police) क्राइम ब्रांच की टीम ने हिमांशु भाऊ गैंग (Himanshu Bhau gang) के 2 कथित शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 ग्लॉक पिस्टल बरामद करने का दावा किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी एक महिंद्रा थार में सवार होकर बक्करवाला इलाके में एक व्यक्ति की हत्या करने के इरादे से जा रहे थे। पुलिस टीम ने जब आरोपियों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उनकी थार एक महिंद्रा पिक-अप वाहन से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की आरके पुरम यूनिट को सूचना मिली थी कि हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े शूटर बक्करवाला इलाके में एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए पहुंच सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस को यह भी जानकारी मिली थी कि गैंग के कथित सरगना हिमांशु भाऊ ने RRM अस्पताल के मालिक डॉ. नरेंद्र शर्मा को धमकी दी थी। आशंका जताई गई थी कि इसी धमकी के बाद गैंग की ओर से इलाके में शूटर भेजे जा सकते हैं।
पुलिस को देखते ही शूटर्स ने बढ़ाई गाड़ी की रफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मिली खुफिया जानकारी के आधार पर सीआईए के एएसआई जसबीर भी अपनी टीम के साथ क्राइम ब्रांच के ऑपरेशन में शामिल हुए। दोनों टीमों ने आपस में सूचना साझा करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम को एक महिंद्रा थार संदिग्ध हालत में नजर आई। टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही थार के चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस के अनुसार, चालक ने फ्लाईओवर के पास से यूईआर की सर्विस रोड की तरफ भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा शुरू किया।
पीछा करने पर पुलिस टीम पर 9 MM पिस्टल से फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, बचकर भागने की कोशिश के दौरान संदिग्धों की महिंद्रा थार एक महिंद्रा पिकअप वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद थार में सवार दोनों लोग वाहन छोड़कर बक्करवाला नाला रोड की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और दोनों को सरेंडर करने के लिए कहा। पुलिस का आरोप है कि इसके बावजूद दोनों संदिग्धों ने 9 एमएम पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों संदिग्ध घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल बरामद करने की बात कही है।
एनकाउंटर में दोनों शूटर घायल, अस्पताल में भर्ती
पुलिस के मुताबिक, दोनों संदिग्धों ने पुलिस टीम पर करीब 8 राउंड फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और हथियारबंद संदिग्धों को भागने से रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई की। पुलिस ने पहले 6 राउंड हवा में चेतावनी के तौर पर फायर किए और इसके बाद संदिग्धों की दिशा में नियंत्रित फायरिंग की गई। इस कार्रवाई के दौरान दोनों संदिग्ध घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें काबू में कर लिया। घायलों में एक नाबालिग भी शामिल है। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान 19 वर्षीय समीर, निवासी रिठाल फोगाट, रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों घायल आरोपियों को तत्काल इलाज के लिए एक निजी वाहन से आरटीआर अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपियों के गैंग से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

