अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जंगल में करंट बिछाकर वन्यजीवों का शिकार करने की तैयारी थी, लेकिन वन विभाग की सतर्कता ने शिकारियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। गश्ती दल को जंगल में अवैध रूप से बिछाए गए जीआई तार और बांस की खूंटियां मिलीं। इसके बाद वन विभाग ने सघन निगरानी, डॉग स्क्वाड और मुखबिर तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
READ MORE: दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदातः बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने युवक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत
मामला शहडोल जिले के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र का है। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात नियमित गश्त के दौरान वन परिक्षेत्राधिकारी ए.के. निगम के नेतृत्व में गश्ती दल को जंगल में अवैध रूप से लगाए गए जीआई तार और बांस की खूंटियां मिलीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इनका इस्तेमाल करंट प्रवाहित कर वन्यजीवों का शिकार करने के लिए किया जाना था, गश्ती दल को देखकर संदिग्ध मौके से फरार हो गए।
READ MORE: महिला को घर में बंधक बनाकर डकैती: जेवर और 50 हजार नकद ले उड़े 3 बदमाश, विसर्जन में गए थे पति
घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम ने पूरी रात क्षेत्र में सघन निगरानी की और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी, अधिकारियों के निर्देश पर डॉग स्क्वाड बुलाया गया। खोजी कुत्ते ने घटनास्थल से संदिग्धों के ठिकाने तक रास्ता तलाशने में मदद की, लेकिन उस समय आरोपी वहां नहीं मिले। इसके बाद मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और लगातार पतासाजी के बाद रात में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें सुरेश कोल (37 वर्ष), माखन बैगा (58 वर्ष) और रामसुफल बैगा (52 वर्ष) शामिल हैं। वन विभाग ने तीनों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

