वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर 17 सितंबर को वाराणसी में कई बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. रिपोर्टों के मुताबिक, NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री इस मौके पर काशी में जुटेंगे. कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू समेत कई नेता शामिल होंगे.
इसे भी पढ़ें- यूपी के परिषदीय स्कूल बनेंगे स्मार्ट, 300 करोड़ रुपये से लगेगी स्मार्ट क्लास; CJP नेताओं ने उठाए सवाल
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी. अभियान के तहत सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. पार्टी की ओर से इसे प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के संदर्भ में भी जोड़ा गया है.
वडनगर और वाराणसी से एक साथ रवाना होंगी बाइक यात्राएं
अभियान के तहत ‘वडनगर से वाराणसी’ और ‘वाराणसी से वडनगर’ बाइक यात्राएं 17 सितंबर को सुबह करीब 9:30 बजे दोनों शहरों से एक साथ शुरू होंगी. वाराणसी में राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ तथा वडनगर में अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के यात्रा को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम है.
10 राज्यों के 193 जिलों से गुजरेगी यात्रा
आयोजकों के मुताबिक, दोनों दिशाओं में चलने वाली सेवा संकल्प बाइक यात्रा करीब 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी. यह 10 राज्यों के 193 जिलों और लगभग 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी. इसमें करीब 1,000 युवाओं के शामिल होने की बात कही गई है. यात्राओं का समापन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है.
इसे भी पढ़ें- UPI चार्ज पर भड़के संजय निषाद, बोले- आम जनता पर बोझ नहीं बढ़ना चाहिए
कई केंद्रीय मंत्री और नेता रहेंगे मौजूद
वडनगर के कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के शामिल होने की जानकारी सामने आई है. वाराणसी कार्यक्रम में राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ और NDA के अन्य नेताओं की मौजूदगी प्रस्तावित है.



